शहर

लखनऊ के कोचिंग सेंटर में भीषण आग का तांडव, अब तक 15 की मौत; जान बचाने के लिए छत से कूदे मासूम

Lucknow Coaching Centre Fire: लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। हादसे के समय कई छात्र और कर्मचारी इमारत के अंदर फंसे हुए थे, जिनमें से कुछ ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग तक लगा दी। इस दर्दनाक घटना में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं और उनका इलाज जारी है, जिनमें छात्र भी शामिल हैं।

Image

लखनऊ में विकराल आग का कहर

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Lucknow Coaching Centre Fire: लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक कोचिंग सेंटर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगने के दौरान कई लोग इमारत के अंदर फंस गए थे, जिनमें से कुछ ने खुद को बचाने के लिए छत से छलांग लगा दी। राहत एवं बचाव दल ने अब तक कई लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए केजीएमयू अस्पताल पहुंचाया है। जानकारी के अनुसार अब तक कुल 22 बच्चे ट्रामा सेंटर भेजे गए हैं जबकि 15 कि मौत हो चुकी है।

Lucknow Coaching Centre Fire

अग्निकांड में कई लोगों की मौत

15 लोगों की मौत, कई घायल

अचानक भड़की इस आग के चलते अफरातफरी का माहौल हो गया। जानकारी के अनुसार यह कोचिंग सेंटर एक दुकान के ऊपर चल रहा था। देखते ही देखते पूरी बिल्डिगं आग की लपटों में समा गई। फिलहाल आग के कारणों का अंदाजा नहीं लग पाया है। इस घटना में 15 मासूमों की मौत हो गई है वहीं कई अन्य घायल बताए जा रहें हैं।

भावुक हुए बृजेश पाठक

घटनास्थल पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है, जिसमें मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखें हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए हाई लेवल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। इमारत के अंदर अभी भी धुआं भरा हुआ है, इसलिए सभी कमरों की गहन तलाशी ली जा रही है। फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

इस तरह किया गया पानी का छिड़काव

इस पूरे अग्निकांड पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य के निर्देश दिए। हाल फिलहाल के अपडेट के मुताबिक फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने बगल की इमारत में दिवार में छेद करके वहां से पानी का छिड़काव किया ताकि आग पर काबू पाया जा सके। दूसरे तल पर भी लगभग आग पर काबू पा लिया गया।

सीएम योगी ने जताया हादसे पर दुख

अलीगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि, " मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं,लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है,अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है, उसकी चपेट में कुछ बच्चे आए हैं, उनकी दुखद मौत हुई है, इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है, जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।

सीएम योगी ने रद्द किए अपने आगामी दौरे

इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा भी दे सकें और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें। जानकारी के अनुसार सीएम योगी ने अपने आगामी सभी दौरे रद्द कर दिए हैं और फौरन लखनऊ के लिए हुए रवाना हुए हैं।

2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान

इस भीषण अग्निकांड पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा कि, "लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।" वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि राहत और बचाव अभियान जारी है तथा प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article