Kolkata Fire: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक होटल में आग लगने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि आग की यह घटना कोलकाता के बड़ाबाजार के मेचुआ फल पट्टी के सामने स्थित 6 मंजिला ऋतुराज होटल की है। इस दौरान होटल में कई लोगों के फंसे होने की खबर सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही कोलकाता के मेयर फिरहाद हाकिम मौके पर पहुंच रहे हैं। होटल में निकलती आग की लपटों को कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ऋतुराज होटल में कई लोगों फंसे हुए हैं, जो मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर संकेत दे रहे हैं। होटल में फंसे लोगों को फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू करने की कोशिश कर रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। शुरुआती रिपोर्ट में 15 लोगों की मौत की खबर आई थी, लेकिन बाद में आकंड़ों में संशोधन कर इसे 14 किया गया। इसमें एक व्यक्ति की मौत जान बचाने की कोशिश में बिल्डिंग से कूदने के कारण हुई है। इस बीच मौके पर पहुंचे दमकल कर्मी सीढ़ी के सहारे तीसरी मंजिल पर फंसे लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। साथ आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
