नेपाल में ग्लेशियल लेक फटने के बाद कई इलाकों में अचानक भीषण बाढ़ आ गई है। जिसे देखते हुए बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला प्रशासन ने एहतियातन अलर्ट जारी कर दिया है। पड़ोसी देश में भारी जलप्रवाह के कारण सीमा से सटी गंडक नदी और अन्य सहायक नदियों के जलस्तर में अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। जिसे देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने नेपाल सीमा से सटे इलाकों और गंडक नदी के किनारे बसे गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं (Executive Engineers) को संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर और आसपास के इलाकों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने और प्रभावित इलाकों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने गंडक नदी के तटवर्ती और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों को हिदायत दी है कि वे अनावश्यक रूप से नदी किनारे, घाटों या पानी के बहाव वाले स्थानों के पास न जाएं।
लोगों से पैनिक न करने की अपील
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह के भ्रम या पैनिक का शिकार न हों। उन्होंने कहा है कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी या किसी अन्य चेतावनी की स्थिति में लोगों को प्रशासन की ओर से समय पर सूचना दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों के लिए कंट्रोल रूम के नंबर भी जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात सूचना या जलस्तर से जुड़े अपडेट के लिए ग्रामीण सीधे इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
कंट्रोल रूम नंबर:
- 06254-247003
- 06254-247002
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, लेकिन घबराएं नहीं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि संभावित जलस्तर बढ़ोत्तरी की स्थिति में निचले इलाकों और नदी किनारे बसे गांवों में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।
