शहर

रोहतक में भीषण अग्निकांड; जूते के शोरूम से उठी आग ने निगली 10 दुकानें, तीन जिंदगियां भी हुईं खत्म

रोहतक के डी-पार्क क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक जूते के शोरूम में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस हादसे में आसपास की कई दुकानें जलकर खाक हो गईं और तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर राहत व मुआवजे की मांग तेज हो गई है।

Image

रोहतक में आग का तांडव

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Rohtak Shoe Showroom Fire: रोहतक के डी पार्क इलाके में मंगलवार दोपहर एक जूते के शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने तेजी से फैलते हुए आसपास की करीब दस दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सभी दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जिनमें सौरभ उर्फ रोहित (19) और अमन (38) की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अन्य शव की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

क्या थी हादसे की वजह?

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शोरूम में एसी कंप्रेसर फटना बताया जा रहा है, जिसके बाद आग ने तेजी से फैलते हुए आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घटनास्थल के पास ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का आवास स्थित है, जबकि लगभग 50 मीटर की दूरी पर एक पुलिस चौकी भी मौजूद है। सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके को खाली करा दिया गया। मौके पर एडीसी नरेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, एसडीएम आशीष कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

"परिजनों को सरकारी नौकरी, मुआवजा दे सरकार"

वहीं दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस हादसे पर कहा कि, "रोहतक के डी-पार्क इलाके में हुए भीषण अग्निकांड से जान व संपत्ति के व्यापक नुकसान की खबर बेहद पीड़ादायक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें ढाँढस बँधाया और उनको हुए नुकसान का जायजा लिया। साथ ही, मौके पर डीसी रोहतक, एसपी रोहतक को तलब करके राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की व जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

हमारी मांग है कि हादसे में जिन्होंने जान गंवाई है सरकार उनके परिजनों को सरकारी नौकरी, मुआवजा दे। साथ ही क्षतिग्रस्त हुईं इमारतों, दुकानों और उनमें रखे सामान का शत-प्रतिशत मुआवजा देकर सरकार सभी प्रभावितों के नुकसान की पूर्ति करे और हर संभव सहायता प्रदान करे। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि और शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article