Muzaffarpur News: बिहार पुलिस मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा खत्म होते ही मुजफ्फरपुर जंक्शन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जानकारी के अनुसार एग्जाम खत्म होते ही हजारों परीक्षार्थी स्टेशन पहुंच गए जिससे प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी मच गई। कई जिलों से आए हजारों अभ्यर्थियों की भीड़ के कारण स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। ट्रेन आते ही अभियार्थी ने सीट पर कब्जा जमा लिया।
भीड़ से बोगियां खचाखच भर गईं
आलम तो यह था कि ट्रेन आते ही छात्रों की भीड़ से बोगियां खचाखच भर गईं। भीड़ इतनी थी कि एसी कोच तक में परीक्षार्थियों ने जगह बना ली और ठूस-ठूस बैठकर यात्रा की। इनमें से कुछ ट्रेन पर लटककर सफर करते नजर भी आए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशन पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई। जिला पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी के जवान पूरी तरह मुस्तैद दिखे। लगातार माइक से अनाउंसमेंट कर अभियर्थियों को सुरक्षित यात्रा करने की अपील की जा रही थी।
स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं
सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण का जायजा लेने के लिए रेल एसपी वीणा कुमारी खुद मुजफ्फरपुर जंक्शन पर दिखाई दीं। रेल एसपी वीणा कुमारी ने बताया कि परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए रेलवे की तरफ से दो स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। मुजफ्फरपुर के विभिन्न रेल खंडों पर जहां भी ज्यादा भीड़ की संभावना है वहां से भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं ताकि छात्रों को अपने गंतव्य तक जाने में कोई बड़ी परेशानी न हो।
ट्रेनों की कमी को लेकर पथराव और तोड़फोड़
वहीं, पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर विद्यार्थियों के लिए ट्रेनों की कथित कमी को लेकर लगभग 200 लोगों ने पथराव और तोड़फोड़ की। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थियों के लिए ट्रेन सेवाओं का उचित इंतजाम किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्टेशन पर हुए हंगामे के पीछे गलत इरादे वाले असामाजिक तत्व हो सकते हैं। यह घटना शनिवार रात करीब 11:45 बजे हुई, जब बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर जाने के लिए पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। रविवार सुबह तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। परीक्षा 14 से 17 जून तक होगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने रविवार को पत्रकारों को बताया, पिछली रात आबकारी आरक्षी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी बड़ी संख्या में स्टेशन पर मौजूद थे। उनमें कुछ असामाजिक तत्व भी मौजूद हो सकते हैं, जिन्होंने हंगामा करने की कोशिश की। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। उपद्रवियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। पटना के जिलाधिकारी एस. एम. त्यागराजन ने कहा कि संभावित मांग को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का इंतजाम किया था और वे स्टेशन पर मौजूद थीं। उन्होंने कहा, "लेकिन कुछ असामाजिक तत्व भीड़ में घुस गए और पथराव करने लगे। हल्का बल का प्रयोग करके उन्हें तितर-बितर कर दिया गया और शांति बहाल कर दी गई।"
