हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से छह लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, हादसा जिले के पिंडारसी गांव के पास उस वक्त हुआ जब लगभग 30 श्रद्धालुओं का यह समूह कलाल माजरा से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में स्थित गोगामेड़ी मंदिर जा रहा था।
उसने बताया कि मृतकों की पहचान लीला देवी (58), बाला देवी (50), बोहती देवी (60), अंजलि (25) एवं उसकी 18 महीने की बेटी सीरत और हर्ष (सात) के रूप में हुई है। घायल हुई दो महिलाओं की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
श्रद्धालुओं के अनुसार, लकड़ी से लदी एक अन्य ट्रॉली ने उनके वाहन को टक्कर मार दी, जिससे उनका वाहन पलट गया। कुछ श्रद्धालुओं ने बताया कि एक ट्रक ने भी उनके वाहन को टक्कर मारी। पुलिस ने बताया कि घायलों को कुरुक्षेत्र के दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद राहगीरों ने पलटी ट्रॉली को उठाने और उसके नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। कुरुक्षेत्र के आदर्श थाने के प्रभारी जगदीश तामस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। अंजलि और सीरत के शव बारना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखे गए हैं, जबकि अन्य शवों को एलएनजेपी अस्पताल के मुर्दाघर में ले जाया गया है।
