शहर

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में 4 की मौत, दो कारों की इस तरह हुई भीषण टक्कर

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और एक छोटी सी चूक ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। हरिद्वार जा रहे दो परिवारों की कारें भीषण हादसे का शिकार हो गईं, जिसमें चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

Image

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi Dehradun Expressway Accident: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। हरिद्वार जा रहे एक परिवार की कार को पीछे से आ रही एक दूसरी तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार करीब 300 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। इस हादसे में प्रवीण, उनकी पत्नी प्रीति, सुदेश और मासूम शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना की पूरी घटना एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कार बैक करते समय हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोनीपत के मंढोरा गांव के दो परिवार अलग-अलग वाहनों में सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान रामपुर मनिहारान क्षेत्र में हलगोया कट के पास कार चला रहे जयदेव निर्धारित यू-टर्न निकल जाने के बाद वाहन को पीछे लेने लगे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।

दूसरी कार की स्पीड थी काफी तेज

प्रत्यक्षदर्शियों और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम के अनुसार, जयदेव ने वाहन रिवर्स करते समय न तो कोई चेतावनी संकेत दिया और न ही डिपर का इस्तेमाल किया। वहीं, दूसरी कार की गति भी काफी तेज बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जयदेव की कार डिवाइडर से दो बार टकराने के बाद करीब 300 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और फिर पलट गई। हादसे के बाद दूसरी कार भी संतुलन खोकर पलट गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?

सीसीटीवी फुटेज में इस दर्दनाक हादसे की पूरी घटना साफ तौर पर दिखाई दी। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसके बाद पुलिस, एनएचएआई और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह सामने आया है कि मृतकों की कई पसलियां टूट गई थीं, जिससे उनके फेफड़ों और श्वसन तंत्र (Respiratory System) को गंभीर नुकसान पहुंचा। इसी वजह से चारों की मौत दम घुटने से हुई बताई जा रही है। पुलिस इस रिपोर्ट को जांच का अहम आधार मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

डीएम के आदेश पर जांच समिति का गठन

दूसरी ओर, दूसरे कार के चालक प्रवीण का इलाज सहारनपुर के एसबीडी जिला अस्पताल में चल रहा है और वह पुलिस निगरानी में है। फिलहाल उसकी स्थिति ऐसी नहीं है कि उससे बयान लिया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की एक संयुक्त उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। यह समिति दुर्घटना के कारणों, संभावित ब्लैक स्पॉट की स्थिति और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के उपायों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने रात में ही पोस्टमार्टम कराने की मांग की, जिस पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए देर रात प्रक्रिया पूरी करवाई। इसके बाद परिजन चारों शवों और घायलों के साथ अपने गांव मंढोरा, सोनीपत लौट गए।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article