Mumbai Dosa News: मुंबई के बोरीवली वेस्ट में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां राधाकृष्ण होटल में परोसे गए डोसे में कथित तौर पर एक चूहा मिला। इस कार्रवाई को FDA चीफ तुकाराम मुंढे लीड कर रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, अमित त्रिवेदी अपने दो भाइयों और बेटे के साथ साउथ इंडियन खाना खाने होटल गए थे। उन्होंने मैसूर मसाला डोसा ऑर्डर किया। त्रिवेदी ने दावा किया कि कुछ निवाले खाने के बाद, उन्होंने डोसे में एक छोटा चूहा देखा। यह देखकर त्रिवेदी बुरी तरह हिल गए, और उन्हें उल्टी होने लगी। फिर उन्होंने बोरीवली पुलिस से संपर्क किया और उन्हें घटना के बारे में बताया।
बोरीवली पुलिस स्टेशन की सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर पुष्पलता मांडले ने कहा कि पुलिस ने शिकायत FDA को भेज दी थी, जिसके बाद डिपार्टमेंट ने होटल के खिलाफ कार्रवाई की। आगे की जांच चल रही है।
क्या है पूरा मामला?
बोरीवली स्थित राधाकृष्ण होटल में एक ग्राहक ने डोसा ऑर्डर किया था। जैसे ही उसने खाने के लिए डोसा काटा, उसे उसमें एक मरा हुआ चूहा मिला। ग्राहक ने तुरंत इस लापरवाही का वीडियो और तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दीं, जिसके बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और खाद्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठने लगे।
FDA की त्वरित और सख्त कार्रवाई
मामला सामने आते ही महाराष्ट्र FDA हरकत में आया और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी व FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे (Tukaram Mundhe) के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने तुरंत होटल पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान होटल के किचन में साफ-सफाई के बेहद खराब इंतजाम पाए गए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के उल्लंघन और गंभीर स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए FDA ने होटल का संचालन रोकते हुए लाइसेंस सस्पेंड कर दिया।
प्रशासन की चेतावनी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक होटल परिसर और किचन की पूरी तरह से साफ-सफाई और मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं हो जाता, तब तक होटल को दोबारा खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि आम जनता की सेहत और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी होटल या रेस्तरां को बख्शा नहीं जाएगा। बोरीवली की इस घटना के बाद मुंबई के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर भी किचन हाईजीन चेकिंग सख्त कर दी गई है।
