शहर

Ahmedabad News : अंधविश्वास की आड़ में अपराध! इलाज के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म; तांत्रिक गिरफ्तार

गुजरात के अहमदाबाद में तंत्र मंत्र क्रिया के दौरान नाबालिग को नशीला पेय पिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Image

अहमदाबाद में नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला गिरफ्तार

अहमदाबाद : अहमदाबाद में बीमारी ठीक करने के लिए तांत्रिक विधि करने के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोप में सोलापुलिस ने 32 वर्षीय कथित भुवा चंद्रकांत उर्फ चंद्रेश कांतिलाल पंचाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नाबालिग के परिवार के ही समाज से जुड़ा था और करीब एक साल पहले परिवार के संपर्क में आया था। पुलिस के अनुसार, नाबालिग के बार-बार बीमार रहने के कारण परिवार उसे आरोपी के पास लेकर गया था। आरोपी ने बीमारी दूर करने के लिए तांत्रिक विधि करने का दावा किया। इसके बाद वह कथित तौर पर नाबालिग के घर जाने लगा और विधि के नाम पर परिवार के अन्य सदस्यों को कुछ देर बाहर बैठने के लिए कहता था।

नशीला पदार्थ पिलाकर शोषण का आरोप

DCP जोन-1 हर्षद कुमार पटेल के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर नाबालिग को कोई नशीला पेय पिलाता था, जिसके बाद वह अर्ध-बेहोशी की स्थिति में चली जाती थी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। नाबालिग के घर पर दो से तीन बार और बाद में उसे अपने घर ले जाकर करीब दो बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने का फायदा उठाकर आरोपी ने दूसरी विधि करने के बहाने नाबालिग को अपने घर भी बुलाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

फोटो वायरल होने के बाद परिवार को पता चला

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नाबालिग के साथ कुछ फोटो खींचे थे। ये फोटो आरोपी की ओर से वायरल किए जाने के बाद नाबालिग के रिश्तेदारों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद परिवार को कथित घटना का पता चला और उन्होंने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। DCP के मुताबिक, शुरुआती जांच में फोटो अश्लील या आपत्तिजनक नहीं पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने भविष्य में परिवार की ओर से किसी तरह का आरोप लगाए जाने पर उन्हें ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से ये फोटो खींचे हो सकते हैं।

आरोपी के खिलाफ पहले भी 4 मामले

पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, साल 2025 में उसके खिलाफ सोलापुलिस, घाटलोडिया पुलिस, रामोल पुलिस और मंडल पुलिस थानों में चार अलग-अलग मामले दर्ज हुए थे। इन मामलों में आरोपी पर तांत्रिक विधि के जरिए लोगों की समस्याएं दूर करने का भरोसा देकर ठगी करने के आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक, इन मामलों में आरोपी ने अलग-अलग लोगों से कुल करीब ₹56 लाख की ठगी की थी।

एक मामले में परिवार से करीब ₹26 लाख के आभूषण लेने का आरोप है। घाटलोडिया के मामले में करीब 27.5 तोला सोना, जिसकी कीमत ₹13.62 लाख बताई गई है, लेने का आरोप है। रामोल के मामले में महिला की बेटी की बीमारी ठीक करने के नाम पर करीब ₹5.90 लाख के सोने के आभूषण लेने का आरोप है। मंडल के मामले में भी विधि के नाम पर करीब ₹8.88 लाख के सोने के आभूषण लेने का आरोप है।

पुलिस की लोगों से अंधविश्वास से बचने की अपील

DCP हर्षद कुमार पटेल ने लोगों से अपील की है कि बीमारी या किसी अन्य समस्या के समाधान के लिए तांत्रिक भुवाओं के संपर्क में न आएं। उन्होंने लोगों से वैज्ञानिक और चिकित्सकीय तरीकों का सहारा लेने की अपील की। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि आरोपी की गतिविधियों में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं और क्या इसी तरह ठगी या शोषण का शिकार हुए अन्य लोग भी हैं, जो अभी तक पुलिस के सामने नहीं आए हैं

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article