दिल्ली से सटे गुरुग्राम के सेक्टर-102 स्थित एक सोसायटी में कल यानी सोमवार 16 मार्च को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 38 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी दो साल की मासूम बेटी के साथ सोसाइटी की एक बिल्डिंग की 23वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हर कोई पिता और 2 साल की मासूम बच्ची की इस आत्महत्या की खबर सुनकर हैरान रह गया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान दिल्ली में नांगलोई निवासी राहुल के रूप में हुई है, जो फिलहाल गुरुग्राम में सेक्टर-102 की जॉयविले सोसायटी में अपने परिवार के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह सोसाइटी के टॉवर-9 में रहता था। आत्महत्या के लिए राहुल वहां से टॉवर-5 की 23वीं मंजिल पर पहुंचा। 23 मंजिल पर पहुंचकर उसने वहां से अपनी बेटी को साथ लेकर छलांग लगा दी।
जानकारी के मुताबिक, राहुल अपनी पत्नी के साथ मिलकर दिल्ली के नागलोई इलाके के किराड़ी क्षेत्र में 5वीं कक्षा तक का एक स्कूल चलाता था। शुरुआत जांच में पता चला है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
घटना के बाद सुबह करीब 8 बजे धनकोट पुलिस चौकी को इस संबंध में सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक पिता और बेटी दोनों की ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि घटनास्थल से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल मामले को मानसिक अवसाद से जुड़ा ही माना जा रहा है, लेकिन हर एंगल से जांच जारी है।
