शहर

Noida: प्रेमी-प्रेमिका ने चौथी मंजिल से लगाई छलांग, युवक की मौत, युवती की हालत नाजुक

नोएडा के सेक्टर-24 क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक और युवती ने कथित तौर पर चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

Image

नोएडा में दिल दहला देने वाली घटना (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Noida News: नोएडा में एक युवक ने अपनी कथित प्रेमिका के साथ सोमवार सुबह एक मकान की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी जिससे युवक की मौत हो गई जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों कथित तौर पर आत्महत्या करने की नीयत से छत से कूद पड़े। थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के चौड़ा गांव में घटी इस घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि युवती को उपचार के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कब मिली पुलिस को सूचना?

थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार सुबह पांच बजे के करीब पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 22 के हनुमान मंदिर के पास रहने वाले 35 वर्षीय युवक और 20 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर आत्महत्या करने की नीयत से एक मकान की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।

युवती सफदरजंग अस्पताल में भर्ती

पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि विद्या दास की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं युवती को इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

मामले की जांच जारी

थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों एक दूसरे से कथित तौर पर प्यार करते थे। उन्होंने बताया कि एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाला युवक चौड़ा गांव में किराए के मकान में रहता था, जबकि युवती नवादा गांव में रहती थी। पुलिस को जांच में पता चला कि युवक से मिलने के लिए युवती रात के समय उसके घर पहुंची और दोनों पूरी रात साथ रहे, लेकिन सुबह दोनों ने छत से छलांग लगा दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article