शहर

अमरनाथ यात्रा 2026 : श्रद्धालुओं के लिए राहतभरी खबर, बाढ़ से बंद हुए रावी-सेहर खड्ड पुल फिर खुले

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि एनएच-44 पर कालीबाड़ी के पास रावी नदी और सेहर खड्ड पर बने दो महत्वपूर्ण पुल, जो पिछले साल की बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गए थे, सफलतापूर्वक बहाल कर दिए गए हैं।

Image

रावी नदी और सेहर खड्ड पर बने दो पुल फिर से शुरू

जम्मू-कश्मीर : श्री अमरनाथ यात्रा 2026 यात्रा से पहले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर यह है कि एनएच-44 पर कालीबाड़ी के पास रावी नदी और सेहर खड्ड पर बने दो पुल फिर से शुरू हो गए हैं। पिछले साल बाढ़ की वजह से क्षतिग्रस्त दोनों पुलों पर संचालन बंद हो गया था। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में दी।

मनोज सिन्हा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आगामी श्री अमरनाथ यात्रा से पहले बड़ी खुशखबरी! एनएच-44 पर कालीबाड़ी के पास रावी नदी और सेहर खड्ड पर बने दो महत्वपूर्ण पुल, जो पिछले साल की बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गए थे, सफलतापूर्वक बहाल कर दिए गए हैं। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का इस महत्वपूर्ण पुल को बहाल करने के लिए हार्दिक आभार। इससे श्री अमरना के तीर्थयात्रियों को बहुत लाभ होगा और यात्रियों एवं माल की सुगम आवाजाही सुनिश्चित होगी।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जानकारी देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में, हमने एनएच-44 पर कालीबाड़ी के पास रावी नदी और सेहर खड पर बने बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुलों का सफलतापूर्वक जीर्णोद्धार कर दिया है, जिससे पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच एक महत्वपूर्ण परिवहन संपर्क फिर से स्थापित हो गया है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की भीषण बाढ़ में दोनों पुलों को भारी नुकसान पहुंचा था, जिससे इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण गलियारे पर संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ था। इनके महत्व को समझते हुए, हमने प्राथमिकता के आधार पर जीर्णोद्धार कार्य शुरू किया और निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे पूरा कर लिया।

गडकरी ने कहा कि इन पुलों के फिर से खुलने से निर्बाध संपर्क सुनिश्चित होगा, यात्रियों और माल की सुगम आवाजाही होगी और वार्षिक अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी, साथ ही क्षेत्रीय आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article