शहर

Lucknow News: 'दहेज के दानव' ने ली एक और बहू की जान, महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में भी विलेन दहेज और दहेज लोभियों को ही बताया जा रहा है। महिला के परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है।

Image

दहेज प्रताड़ना से पीड़ित एक और महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Lucknow News: अब बस! बहुत हुआ। ट्विशा शर्मा (Twisha Sharma) की मौत के बाद से दहेज और दहेज हत्या के मामले लगातार सुर्खियों में हैं। हर किसी के दिल से एक ही आवाज निकल रही है, अब बस! बहुत हुआ... आखिर कब तक बहुओं को इस तरह से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाएगा और मौत के घाट उतारा जाएगा। इस दानव का अंत होना ही चाहिए। लेकिन इस बीच लखनऊ में एक और कथित तौर पर दहेज पीड़ित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

सोचिए दहेज के दानव देश की इन बेटियों को कितना परेशान करते होंगे कि उन्हें मौत आसान लगती है और वह मरने का फैसला कर लेती हैं। उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया जाता है कि उसके आगे कोई भी अन्य दर्द छोटा लगने लगता है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का है। यहां ससुराल में कथित तौर पर प्रताड़ना की शिकार श्वेता ने मौत को गले लगा लिया। जबकि अभी 6 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी।

श्वेता की शादी करीब 6 महीने पहले यहां भूपेंद्र सिंह से हुई थी। श्वेता के परिवार का आरोप है कि उसे अक्सर ही ससुराल में दहेज के प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने श्वेता की मौत के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

श्वेता के मायके पक्ष ने उसके ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के साथ ही अपनी बेटी की हत्या का गंभीर आरोप भी लगाया है। श्वेता की बहनों का कहना है कि ससुराल पक्ष स्कॉर्पियो गाड़ी को लेकर उसे अक्सर उलाहना देता रहता था। परिवार का आरोप है कि श्वेता का पति भूपेंद्र सिंह उसे हर रोज मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहता था।

आरोप है कि श्वेता की सास अपने रिश्तेदारों से भी उसे ताने दिलवाती थी, जिससे श्वेता मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। इस मामले में श्वेता के पति भूपेंद्र सिंह, उसकी सास ससुर और नंद के ऊपर दहेज उत्पीड़न के मामले में मुकदमा दर्ज हो चुका है। इस मामले में डीसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Vinod Mishra
विनोद मिश्राauthor

दिल्ली से लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में करीब दो दशक से टीवी पत्रकारिता कर रहें है। यूपी की सियासत की नब्ज और ब्यूरोकेसी की समझ है। पत्रकारिता एक पैशन है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!