शहर

मध्य प्रदेश के 21 मजदूर कर्नाटक में दो महीने से बंधक, महिलाओं और बच्चों से बिना वेतन कराई जा रही मजदूरी

MP Workers Trapped in Karnataka: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से 9 महिलाओं और 10 बच्चों समेत 21 लोगों को नौकरी का झांसा देकर कर्नाटक के विजयपुरा में दो महीने से बंधक बनाया गया है। उनसे बिना वेतन 15 घंटे गन्ना कटवाया जा रहा है।

Image

पन्ना के 21 लोगों को बंधक बनाकर 15 घंटे कटवा रहे गन्ना (प्रतीकात्मक फोटो)

MP Workers Trapped in Karnataka: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से रोजगार की तलाश में निकले 21 लोगों को कर्नाटक में पिछले दो महीनों से बंधक बनाकर रखने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ितों में 9 महिलाएं और 10 छोटे बच्चे भी शामिल हैं। परिजनों का आरोप है कि इन सभी से जबरन गन्ना कटवाया जा रहा है और बदले में एक भी रुपया नहीं दिया जा रहा है। इस मामले में पीड़ित परिवारों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।

पीटीआई भाषा के मुताबिक यह पूरा मामला पन्ना जिले के शाहनगर क्षेत्र का है। पीड़ितों के परिजनों ने शनिवार को बोरी पुलिस चौकी में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि दो महीने पहले कुछ लोग इन मजदूरों को महाराष्ट्र के औरंगाबाद में अच्छा काम दिलाने का वादा करके अपने साथ ले गए थे। लेकिन उन्हें औरंगाबाद ले जाने के बजाय कर्नाटक के विजयपुरा जिले की इंडी तहसील के एक इलाके में ले जाकर कैद कर दिया गया।

कर्नाटक में फंसे मजदूरों ने सोशल मीडिया पर वीडियो किया वायरल

परिवार वालों के मुताबिक, वहां इन मजदूरों से रोजाना 14 से 15 घंटे तक गन्ना काटने और उसे गाड़ियों में लादने का कठिन काम लिया जा रहा है। दो महीने बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो मजदूरी दी गई है और न ही वहां से बाहर निकलने दिया जा रहा है। इस बीच, कर्नाटक में फंसे मजदूरों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से खुद को बचाने की अपील की है।

मामले की पुलिस कर रही जांच

वीडियो में मजदूरों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि पैसे न मिलने के कारण उनके पास खाने-पीने और रोजमर्रा की जरूरी चीजों की भारी कमी हो गई है। भूख और अत्यधिक काम के कारण वहां मौजूद महिलाओं और छोटे बच्चों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पन्ना के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सब्यसाची सराफ ने तुरंत संज्ञान लिया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसपी ने पवई के एसडीओपी और शाहनगर थाना प्रभारी को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और कर्नाटक प्रशासन से संपर्क कर सभी मजदूरों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article