श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब की भगवंत मान सरकार देशभर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में 30 नवंबर को वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से 1,232 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक शोभायात्रा शुरू होगी। चार दिनों तक चलने वाली यह यात्रा कई राज्यों से होकर गुजरेगी और 3 दिसंबर 2026 को पंजाब के श्री खुरालगढ़ साहिब में संपन्न होगी।
इस आयोजन में शामिल होने के लिए पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, डॉ. रवजोत सिंह और हरभजन सिंह ईटीओ के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल वाराणसी पहुंचा है। इसमें सांसद, विधायक, धार्मिक नेता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हैं।
चार दिनों में तय होगा 1,232 किलोमीटर का सफर
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व पूरे पंजाब में बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। इसके तहत राज्य के अलग-अलग हिस्सों से चार बड़ी शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। उन्होंने पंजाब के लोगों से इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शोभायात्रा का पहला पड़ाव वाराणसी से कानपुर तक होगा। इस दौरान करीब 350 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। दूसरे दिन कानपुर से आगरा होते हुए ग्रेटर नोएडा पहुंचने का कार्यक्रम है। इस चरण में लगभग 500 किलोमीटर का सफर होगा।
तीसरे चरण में शोभायात्रा ग्रेटर नोएडा से हरियाणा के सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला होते हुए करीब 281 किलोमीटर की दूरी तय कर मोहाली पहुंचेगी। चौथे और अंतिम चरण में मोहाली से खरड़, रूपनगर और श्री आनंदपुर साहिब होते हुए करीब 101 किलोमीटर का सफर तय कर 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचा जाएगा।
मंत्रियों ने संगत से की शामिल होने की अपील
कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व पूरी दुनिया के लिए आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने संगत से समारोहों में उत्साह के साथ शामिल होने और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
वहीं, मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि यह अवसर श्रद्धा, एकता और भाईचारे का प्रतीक है। पंजाब सरकार गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और उनके समानता, दया, भाईचारे तथा मानव सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संबंधित जिलों के प्रशासन को यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
