लखनऊ

'पहले मतदान फिर जलपान', सीएम योगी- बसपा सुप्रीमो और सपा प्रमुख ने मतदाताओं से की वोटिंग में हिस्सा लेने की अपील

  • Agency by: Agency
  • Updated May 7, 2024, 01:11 PM IST

लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण के लिए आज मतदान हो रहे हैं। आज यूपी की दस सीटों पर वोटिंग है। इस बीच मंगलवार को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा की अध्यक्ष मायावती ने मतदाताओं से वोटिंग में बढ़-चढकर हिस्सा लेने की अपील की।

Image

मतदाताओं से मतदान में भाग लेने की अपील

Lok Sabha Elections 2024 Phase 3 Voting: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान के बीच मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक संदेश में कहा, ''लोकतंत्र के महापर्व का आज तीसरा चरण है। सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि विरासत एवं विकास की अवधारणा को निरंतरता देने एवं 'विकसित भारत' की संकल्पना को पूरा किए जाने हेतु मतदान अवश्य करें। आपका एक वोट भारत को दुनिया की महाशक्ति के रूप में स्थापित करने में योगदान दे सकता है। याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान।''

अखिलेश यादव ने की वोटर्स से अपील

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी 'एक्स' पर मतदाताओं से वोट जरूर डालने की अपील की। उन्होंने कहा, ''लोकतंत्र और संविधान को बरकरार रखने के लिए अधिक-से-अधिक संख्या में घरों से निकलकर अपना वोट ज़रूर डालें। वोट डालने का एक दिन पूरी ज़िंदगी के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।''

मायावती ने चुनाव आयोग से किया आग्रह

बसपा प्रमुख मायावती ने कहा, ''देश में सात चरणों में हो रहे लोकसभा आमचुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग में पहले की तरह आज भी ‘पहले मतदान फिर जलपान’ के संकल्प को नहीं भूलना है और अपने वोट की हर प्रकार से रक्षा करते हुए मतदान ज़रूर करके अपना भविष्य खुद संवारने का यह लोकतांत्रिक अवसर कतई नहीं गंवाना है।'' उन्होंने कहा, ''निर्वाचन आयोग से भी विशेष आग्रह है कि विरोधी पार्टियों में भी, खासकर सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा आदर्श चुनाव आचार संहिता का लगातार किए जा रहे उल्लंघन पर सख्ती से अंकुश लगाए ताकि चुनाव सही, स्वतंत्र व निष्पक्ष हो।''

इन 10 सीटों पर आज मतदान

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों- संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक होगा।

End of Article