लखनऊ

UP Weather Today: दिन के साथ रात में भी रुलाएगी गर्मी, 22 जिलों में लू का अलर्ट, आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में जून की शुरुआत से भयंकर गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने यूपी के 22 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। बढ़ते तापमान में लोग राहत की बारिश की राह देख रहे हैं।

Image

यूपी में मौसम का हाल

UP Weather Today: जून महीने को शुरू हुए 1 सप्ताह से अधिक का समय हो गया है। लेकिन यूपी में भीषण गर्मी का प्रकोप अभी भी जारी है। यहां हीटवेव की स्थिति खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। चिलचिलाती गर्मी का कहर झेल रहे लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन आने वाले दिनों में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। वहीं देश के दक्षिणी हिस्सों में मानसून ने दस्तक दे दी है। जहां मानसून आने से कई राज्यों में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। वहीं आग की भट्टी बने उत्तर प्रदेश में लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले 5 दिनों में यूपी में भयंकर गर्मी पड़ने वाली है। आइए आपको बताएं आज कैसा रहेगा मौसम का हाल -

यूपी में जारी लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने यूपी में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है। यहां 12 जून तक लू की स्थिति बनी रहेगी। उसके बाद 13 जून से रात में गर्मी बढ़नी शुरू हो जाएगी। दिन की गर्मी से परेशान लोगों को अब रात में पड़ने वाली गर्मी रुलाने को तैयार है। यूपी के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को मानसून से पहले राहत मिलने की संभावना नजर नहीं आ रही है। यहां उमस भरी गर्मी से लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। हीटवेव के कारण दोपहर 12 बजे के बाद लोग घरों से बाहर कम से कम निकल रहे हैं। यूपी में दोपहर के समय गलियां और सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं।

यूपी के इन जिलों में जारी हीटवेव का अलर्ट

यूपी के आगरा, अलीगढ़, बांदा, बाराबंकी, बरेली, चंदौली, चित्रकूट, फतेहपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, हमीरपुर, जौनपुर, झांसी, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कुशीनगर, मैनपुरी, लखनऊ, प्रयागराज, मथुरा और वाराणसी में लू का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 12 और 13 जून तक लू चलेगी। उसके साथ भीषण गर्मी का अलर्ट भी जारी की गई है।

मानसून कब आएगा

यूपी के कई इलाकों में 15 जून को हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं अधिकतर इलाकों में सूरज के तेवर देखने को मिलेंगे। मौसम विभाग की मानें तो यूपी में मानसून 20 जून तक दस्तक दे सकता है। बढ़ती गर्मी में मानसून की बारिश लोगों को राहत देगी। आग की भट्टी बने यूपी का मौसम मानसून आने के बाद सुहावना हो जाएगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें