लखनऊ

UP Weather Today: यूपी में कहीं बारिश तो कहीं लू का अलर्ट, एक बार फिर रुलाएगी गर्मी, जानें उत्तर प्रदेश में मानसून कब देगा दस्तक

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में लू चलने की संभावना है। वहीं कई जिले ऐसे हैं, जिनका तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग ने गाजियाबाद-नोएडा सहित कई इलाको में बारिश की संभावना जताई है।

Image

यूपी में मौसम का हाल

UP Weather Today: यूपी सहित पूरे उत्तर भारत में धीरे-धीरे मौसम के मिजाज बदलने लगे हैं। कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई जा रही है, वहीं कुछ इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। दिन के साथ गर्म होती राते और अधिकतम तापमान के साथ बढ़ते न्यूनतम तापमान से लोग बेहाल होने लगे हैं। ऐसे में यूपी के लोग मानसून के इंतजार में हैं। मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार, यूपी में भी मानसून तय समय से पहले दस्तक दे सकता है। मानसून के दौरान यूपी में झमाझम बारिश होगी। उससे पहले कई इलाके ऐसे हैं, जहां बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच आइए आपको बताएं कैसा रहेगा आज यूपी के मौसम का हाल -

गाजियाबाद में कई स्थानों पर बत्ती रही गुल

गाजियाबाद में मौसम के मिजाज बदले हुए हैं। बुधवार को गाजियाबाद में आंधी और बारिश के साथ मौसम सुहावना हुआ, लेकिन गुरुवार की दोपहर तक में वापस हीटवेव की स्थिति बनी रही। रात होते ही आंधी-तूफान से लोगों को फिर राहत मिली। लेकिन इस बीच कई घरों में बत्ती गुल रही। यहां लोग गुरुवार सुबह से ही बिजली के लिए परेशान रहे। देर रात तक लोड शेडिंग और बिजली आने-जाने की समस्या से लोग परेशान नजर आए।

इन जिलों में बारिश की संभावना

आगरा, अलीगढ़, बागपत, बुलंदशहर केवीके, इटावा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हमीरपुर, मैनपुरी और मेरठ में आज आंधी और बारिश की संभावना है। उसके अलावा अन्य जिलों में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी में मानसून कब देगा दस्तक

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मानसून कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में प्रवेश कर चुका है। कुछ दिन पहले के अपडेट में मौसम विभाग ने मानसून की गति को देखते हुए उसके तय समय से पहले आने की संभावना जताई थी। महाराष्ट्र में मानसून 8 से 10 जून के बीच आना था, लेकिन मानसून ने महाराष्ट्र में 6 जून को प्रवेश किया। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में मानसून 20 जून तक दस्तक दे सकता है। लेकिन गति को देखते हुए उससे पहले आने की संभावना है।

यूपी में लू का अलर्ट

मौसम की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने यूपी के अधिकतर हिस्सों में 18 मई तक लू की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान प्रदेश के लोग झुलसा देने वाली गर्मी और हीटवेव से जूझते नजर आएंगे। यूपी के विभिन्न जिलों में 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान के रहने की आशंका है। वहीं कुछ स्थान ऐसे भी हैं, जहां का तापमान 46 डिग्री भी गया है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article