UP Ka Mausam 27-Oct-2025: उत्तर प्रदेश में मौसम की चाल बदलने लगी है। अक्टूबर महीने का अंत आते-आते यहां ठंड बढ़ने लगी है। बीते दिनों मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ, जिसका असर यूपी के मौसम पर देखने को मिल रहा है। आज प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई गई है। ठंड बढ़ने के साथ यहां धुंध भी शुरू हो गई है। सुबह के समय में हल्की धुंध देखने को मिल रही है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज छठ पर यूपी में मौसम का हाल।
छठ पर कैसा रहेगा यूपी में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में सुबह के समय धुंध हो रही है। ठंड भी बढ़ने लगी है। हालांकि अभी भी दोपहर के समय तीखी धूप खिल रही है, जिससे हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है। लेकिन आज प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। बारिश के बाद से उम्मीद की जा रही है कि प्रदेश में कड़ाके की ठंड की शुरुआत होगी। तापमान में भी कमी दर्ज की जाएगी।
मौसम की गतिविधियों को देखते हुए उम्मीद की जा रही थी कि छठ तक प्रदेश में ठंड बढ़ जाएगी। यूपी में सुबह-शाम की ठंड में इजाफा देखने को मिल रहा है। तापमान में 1 से 2 डिग्री की कमी दर्ज की जा रही है। सुबह के समय कोहरा भी देखने को मिल रहा है। शहरी इलाकों की तुलना में ग्रामीण इलाकों में ठंड अधिक महसूस की जा रही है।
आज किन जिलों में होगी बारिश
आज, 27 अक्टूबर को पूर्वी यूपी का हिस्सा शुष्क बना रहेगा। पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो यूपी के आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी, औरैया, जालौन, झांसी, महोबा, हमीरपुर और ललितपुर में बारिश की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि 28 अक्टूबर को एक बार फिर मौसम में बदलाव होगा। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
