यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा, 24 July 2025: पूरे देश में इन दिनों मानसून का दौर जारी है। बात अगर यूपी के मौसम की बात करें तो उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। फिलहाल राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को दिनभर गर्मी से जूझना पड़ रहा है। इस बीच, कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई है।
सबसे ज्यादा बारिश मेरठ में हुई, जहां 108.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मुजफ्फरनगर में 52 मिमी, शाहजहांपुर में 21.4 मिमी, कानपुर देहात में 24.4 मिमी और झांसी में 5.1 मिमी बरसात हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, तब तक गर्मी और उमस का दौर जारी रहेगा। आज यानी 24 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर हल्की बौछारें और बिजली चमकने के आसार हैं।
इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, आज शाम से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर, वाराणसी, बलिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, महोबा और ललितपुर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अयोध्या, अमेठी, रायबरेली और कानपुर में भी मौसम गर्म और उमस भरा रहने का अनुमान है। नोएडा और गाजियाबाद में भी तेज धूप और बादलों की आवाजाही बरकरार रह सकती है। आगरा ताज और मुरादाबाद में हल्की बारिश दर्ज की गई है, जहां 0.6 मिमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
यूपी में आज तापमान का हाल
बात अगर तापमान की करें तो उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने तापमान कुछ इस तरह से दर्ज किया है, जहां गोरखपुर में 37.8℃, बलिया में 37.5℃, बहराइच में 37.2℃, और कानपुर शहर में 36.5℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा सुल्तानपुर में 36.7℃, फुरसतगंज में 36.8℃, और गाजीपुर में 36.5 अधिकतम तापमान रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो बलिया में 30℃, गाजीपुर और बस्ती में 29℃, फतेहगढ़ में 28.8℃, हमीरपुर में 29.2℃ और प्रयागराज में 28℃ दर्ज किया गया है।| क्रमांक | शहर | अधिकतम तापमान (℃) | न्यूनतम तापमान (℃) |
|---|---|---|---|
| 1 | गोरखपुर | 37.8 | - |
| 2 | बलिया | 37.5 | 30 |
| 3 | बहराइच | 37.2 | - |
| 4 | कानपुर शहर | 36.5 | - |
| 5 | सुल्तानपुर | 36.7 | - |
| 6 | फुरसतगंज | 36.8 | - |
| 7 | गाजीपुर | 36.5 | 29 |
| 8 | बस्ती | - | 29 |
| 9 | फतेहगढ़ | - | 28.8 |
| 10 | हमीरपुर | - | 29.2 |
| 11 | प्रयागराज | - | 28 |
