UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मौसम की चाल बदली हुई है। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की फुहार का येलो अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं कई जिले ऐसे भी हैं, जहां हीटवेव का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी है। इस प्रकार उत्तर प्रदेश में मौसम की दो अलग चाल देखने को मिल रही है। तेज धूप और भीषण गर्मी से कहीं राहत मिलने की उम्मीद है तो वहीं कई स्थानों पर लोगों को हीटवेव की मार झेलनी पड़ रही है। यहां जला देने वाली धूप, हीटवेव और उमस वाली गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो गया है। यूपी के लोग बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं। तपती-जलती इस गर्मी में लोगों का बस एक ही सवाल है कि मानसून कब आएगा? कब उन्हें भीषण गर्मी के प्रकोप से राहत मिलेगी? कब बारिश से मौसम सुहावना होगा? आइए आपको इन सभी प्रश्नों के उत्तर के साथ बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -
यूपी के इन जिलों में तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, ज्योतिबाफुले नगर, मुरादाबाद, संभल, बदायूं, सीतापुर, रामपुर, कांशीराम नगर,फर्रुखाबाद, हरदोई, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर और महाराजगंज में मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। जानकारी के लिए बता दें कि पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में शुक्रवार से बारिश हो रही है और आज भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
यूपी में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, महामायानगर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, फतेहपुर, कौशांबी, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट, बांदा और जालौन शामिल है। इसमें से कुछ इलाकों में शाम के समय तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।
यूपी में कब आएगा मानसून
मानसून उत्तर प्रदेश के करीब पहुंच गया है और इसका असर भी देखने को मिल रहा है। आज 14 जून को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिन प्रतिदिन यहां मानसून का असर तेज होगा और तेज मूसलाधार बारिश होगी। मौसम विभाग की मानें तो 18 से 20 जून तक मानसून पूरी तरह से उत्तर प्रदेश को कवर कर लेगा और झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा। लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहावना हो जाएगा। इसका अर्थ ये है कि अब यूपी वासियों को अधिक दिन गर्मी नहीं झेलनी पड़ेगी, क्योंकि मानसून की यहां दस्तक होने लगी है।
