एजुकेशन

अब ज्यादा युवाओं का डॉक्टर बनने का सपना होगा पूरा, JP Nadda ने किया 75 हजार मेडिकल सीटें बढ़ाने का ऐलान

केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक देश में 75 हजार अतिरिक्त मेडिकल सीटें बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। इससे मेडिकल की पढ़ाई के ज्यादा मौके मिल सकेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने 18 नवंबर को यह जानकारी दी।

Image

JP Nadda ने किया 75 हजार मेडिकल सीटें बढ़ाने का ऐलान

देश में डॉक्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए आने वाले सालों में मेडिकल की पढ़ाई के ज्यादा मौके मिल सकते हैं। केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक देश में 75 हजार अतिरिक्त मेडिकल सीटें बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने 18 नवंबर को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में देश में मेडिकल कॉलेजों और मेडिकल शिक्षा की सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। नई दिल्ली में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (VMMC) और सफदरजंग अस्पताल के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 863 हो गई है। वहीं, एम्स संस्थानों की संख्या भी पहले के एक संस्थान से बढ़कर अब 23 हो चुकी है।

MBBS और PG की सीटों में भी हुआ इजाफा

स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों में मेडिकल की पढ़ाई के लिए सीटों की संख्या में बड़ा बदलाव आया है।

मेडिकल शिक्षापहले सीटेंअब सीटें
MBBSकरीब 51 हजार1.43 लाख
PG मेडिकलकरीब 31 हजार91 हजार
मेडिकल कॉलेज387863
AIIMS123

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP में 1475 प्रधानाचार्य भर्ती का नोटिफिकेशन जारी

सरकार का कहना है कि मेडिकल शिक्षा की क्षमता बढ़ने से ज्यादा विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा और देश में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।

10 हजार अतिरिक्त सीटों के लिए 15 हजार करोड़ रुपये

नड्डा ने बताया कि केंद्र सरकार ने 10 हजार अतिरिक्त मेडिकल सीटें बनाने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके तहत हर अतिरिक्त MBBS और PG सीट के लिए 1.5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मंजूर की गई है।

सीटें बढ़ें, लेकिन पढ़ाई की गुणवत्ता भी रहे बेहतर

स्वास्थ्य मंत्री ने साफ कहा कि मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ पढ़ाई का स्तर बनाए रखना भी जरूरी है। इसके लिए कॉलेजों में पर्याप्त सुविधाएं, मरीजों के इलाज का व्यावहारिक अनुभव और अच्छी ट्रेनिंग उपलब्ध होनी चाहिए।

उन्होंने नए डॉक्टरों से मरीजों के प्रति संवेदनशील रहने और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील भी की।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article