UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 05-November-2025: उत्तर प्रदेश में पंखे बंद कर रजाई-कंबल निकालने के दिन आ गए हैं। यूपी में मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। रात में ठंडक बढ़ने से कपकपी महसूस होने लगी है। जिससे लोग गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने लगे हैं। तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल रही है। मंगलवार को सबसे कम तापमान बाराबंकी में 13.5 डिग्री दर्ज किया गया। कानपुर, इटावा और मुजफ्फरनगर में भी 14 डिग्री के आसपास तापमान रहा। फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। लेकिन पहाड़ी राज्यों में बारिश या बर्फबारी का अनुमान जताया गया है। ऐसे में मैदानी इलाकों में भी इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। जिससे तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की संभावना है।
यूपी का मौसम आज कैसा रहेगा
आईएमडी के अनुसार यूपी का मौसम आज 5 नवंबर को साफ रहने वाला है। प्रदेश में पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कहीं भी तेज हवाएं चलने या बारिश का कोई आसार नहीं है। सुबह के समय कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। दिन में अब धूप भी गुनगुनी महसूस हो रही है। आज भी कुछ ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। 6 और 7 नवंबर को भी यूपी का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 10 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। फिलहाल इस अवधि में किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। लेकिन सुबह और देर रात के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
यूपी में तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में यूपी में सबसे अधिक तापमान कानपुर में 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा आगरा में 33.1 डिग्री, झांसी में 31.9 डिग्री, हमीरपुर में 31.6 डिग्री और प्रयागराज में 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में सबसे कम पारा बाराबंकी में सामान्य से 2.4 डिग्री कम 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कानपुर नगर में 14 डिग्री, इटावा में 14.6 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 14.6 डिग्री और वाराणसी में 15 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार यूपी में अगले 2 से 3 दिन के बाद अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटों के दौरान लगभग 2 से 3 डिग्री की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। जिसके बाद फिर से 3 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
