UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: यूपी में भयंकर गर्मी का आगाज हो चुका है। अभी से ही तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस बार गर्मी अपना विकराल रूप दिखाने वाली है। दिन में धूप की तपिश लोगों को सता रही है, जिसके चलते लोग अभी से ही घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। हालांकि शाम के समय गर्मी से राहत जरूर मिलती है। इस दौरान रात में भी हल्की गर्मी पड़नी शुरू हो चुकी है। यूपी में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लोगों को भी सलाह दी है कि कोई जरूरी काम होने पर ही अपने घर या दफ्तर से बाहर जाएं और खुद को डिहाइड्रेशन से भी बचाएं। इसके लिए नियमति अंतराल पर पानी जरूर पिए।
8 अप्रैल को बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया है। गुरुवार को यहां पर अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री तक दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। कल यहां पर मौसम साफ रहेगा। जिसके बाद 7 अप्रैल को भी यूपी का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 8 अप्रैल को पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश दस्तक दे सकती है। इस दिन गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है। हालांकि इस दौरान पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 9 अप्रैल को भी पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम ऐसा ही बना रहने वाला है।
जानें अपने शहर का हाल
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। आज प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, बाराबंकी, हरदोई, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, बलिया और बहराइच में अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इसके अलावा आगरा, मेरठ, अलीगढ़, इटावा, बरेली, शाहजहांपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर और बुलंदशहर में आज अधिकतम तापमान 34 से 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं फतेहपुर, झांसी, गाजीपुर, फैजाबाद, सुल्तानपुर, बांदा, हमीरपुर, फतेहगढ़, उरई और फुरसतगंज में आज अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं।
