UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 4 July 2025: जुलाई महीने की शुरुआत बारिश के साथ हुई है। यूपी के कुछ इलाकों में पहले दो दिनों में हुई झमाझम बारिश के चलते तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार की बात करें तो आज भी मौसम सुहावना रहने की संभावना है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और खासतौर पर सुबह से दोपहर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। आज न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
इन दिनों पूरे प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। हालांकि, हाल के दिनों में बारिश में थोड़ी कमी आई है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 9 जुलाई तक बारिश का सिलसिला बना रह सकता है और इसके आगे भी बारिश जारी रहने की संभावना है। आज 4 जुलाई को पश्चिमी यूपी के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी के कई इलाकों में तेज बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं। शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सिर्फ बादलों की गर्जना और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पूर्वी हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इन जिलों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और संत रविदास नगर में भारी बारिश हो सकती है। वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, गाजीपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज और प्रतापगढ़ में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
यहां भी रहेगा अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर और गाजीपुर जिलों में भी गरज के साथ बादल छाने और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। इसी तरह सिद्धार्थनगर, एटा, बलरामपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी ऐसे ही मौसम की आशंका व्यक्त की गई है।
यूपी में बरसात और तापमान का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। बांदा में 15.2 मिमी और झांसी में 15.3 मिमी वर्षा हुई है। इसके अलावा बलिया में 10.1 मिमी, अलीगढ़ में 3.8 मिमी, बरेली में 2.4 मिमी, गाज़ीपुर में 2.8 मिमी, सुल्तानपुर में 2.2 मिमी, और लखनऊ में 0.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। तापमान की बात करें तो झांसी में न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हमीरपुर में न्यूनतम 28.2℃ और अधिकतम 35.2℃, बहराइच में 28.6℃ न्यूनतम और 35.8℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, लखीमपुर खीरी में न्यूनतम तापमान 29℃ और अधिकतम 36℃ रिकॉर्ड किया गया है।
