UP CM Yogi Adityanath Cabinet Expansion Update: लोकसभा चुनाव से पहले बहुप्रतीक्षित उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले मंत्रीमंडल विस्तार में चार नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। इनमें सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओपी राजभर, राष्ट्रीय लोक दल के अनिल कुमार और भारतीय जनता पार्टी से दारा सिंह चौहान और सुनील शर्मा शामिल हैं।
राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने चारो मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मंत्रियों को बधाई दी। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, उत्तर प्रदेश सरकार में आज मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई। पर्ण विश्वास है कि आज सभी मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारते हुए विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प की सिद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आप सभी के उज्जवल कार्यकाल के लिए मंगलमय शुभकामनाएं बता दें, योगी सरकार के मंत्रिमंडल में अब 56 मंत्री हो गए हैं। फिलहाल चार मंत्रियों की जगह अभी भी खाली है।
ओपी राजभर
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओपी राजभर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। कुछ समय बाद योगी से खटपट के कारण उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद राजभर ने सपा के साथ गठबंधन किया। चुनाव बाद ही उनकी अखिलेश यादव से भी खटपट हो गए और पिछले साल वह दोबारा एनडीए का हिस्सा बन गए।
दारा सिंह चौहान
दारा सिंह चौहान भी योगी की पहली सरकार में मंत्री थे। विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले बीजेपी का साथ छोड़कर सपा में शामिल हो गए थे। घोसी से सपा के टिकट पर विधायक भी बने। बाद में सपा और विधायक दोनों सीटों से इस्तीफा देकर दोबारा भाजपा में आ गए। भाजपा ने घोसी से ही उपचुनाव में उतारा लेकिन हार गए। कुछ दिनों पहले ही उन्हें एमएलसी बनाया गया।
अनिल कुमार
अनिल कुमार मूल रूप से सहारनपुर के गांव तहारपुर के रहने वाले हैं। वह रालोद के टिकट पर साल 2022 में विधायक बने थे, वह तब सपा में थे लेकिन रालोद के सिंबल पर चुनाव लड़ा था। हाल ही में रालोद सपा के साथ गठबंधन तोड़कर एनडीए में शामिल हो गई है, जिसके बाद पार्टी के कोटे से अनिल कुमार को मंत्री बनाया गया है। उन्हें जयंत चौधरी का करीबी माना जाता है।
सुनील शर्मा
साहिबाबाद विधानसभा सीट से सुनील शर्मा भाजपा के विधायक हैं। सुनील शर्मा तीसरी बार विधायक हैं। सबसे पहले 15वीं विधानसभा में वह गाजियाबाद की सीट से चुनकर विधायक बने थे। उसके बाद 17वीं और 18वीं विधानसभा में वह साहिबाबाद की सीट से चुनकर विधायक आए हैं। सुनील शर्मा की गिनती बड़े ब्राह्मण नेताओं में होती है। वहीं उनको उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का करीबी माना जाता है। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी सुनील शर्मा ने करीब 2 लाख 14 हजार से अधिक मार्जिन से जीत हासिल की थी।
