लखनऊ

उन्नाव में भीषण हादसा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल

Unnao Road Accident: उन्नाव जिले के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी एक डबल-डेकर बस गोभी से लदे पिकअप वाहन से टकरा गई। इस टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रसेवे से नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

उन्नाव में डबल डेकर बस पिकअप वाहन से टकराने के बाद पलटी

Unnao Road Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। जिले के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस गोभी से लदे एक पिकअप वाहन से टकरा गई। इन दोनों वाहनों के बीच की टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ती हुई एक्सप्रेसवे के नीचे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दुर्घटना में 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि एक यात्री को मामूली चोट आई है। बताया जा रहा है कि बस में कुल 60 यात्री सवार थे। यह हादसा हसनगंज थाना क्षेत्र के एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 285 के पास हुआ।

पुलिस और यूपीडा की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा (UPIDA) की टीम ने मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। क्षेत्राधिकारी हसनगंज, अरविंद चौरसिया ने बताया कि पुलिस और यूपीडा की टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने का काम शुरू किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि बस में लगभग 60 यात्री मौजूद थे। इसमें से 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारी ने बताया कि घायलों को सीएचसी औरास में प्राथमिक उपचार के बाद, बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाकी सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य स्थानों तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि बस में लखनऊ, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर और जौनपुर समेत आसपास के जिलों के यात्री सवार थे।

पुलिस ने शुरू की आगे की कार्यवाही

पुलिस के अनुसार, बस दिल्ली से बनारस की ओर जा रही थी और उन्नाव में हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में दहशत का माहौल था। बस के अचानक पलट जाने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई थी। क्षेत्राधिकारी हसनगंज ने बताया कि आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है। पुलिस अब हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि पता चल सके कि पिकअप से टक्कर के बाद बस इतनी तेजी से अनियंत्रित कैसे हुई।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!