Lucknow Coaching Centre Fire: लखनऊ अग्निकांड को लेकर सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। 4 लोगों को सस्पेंड किया गया है। वहीं, 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। AE अनिल कुमार, FSSO कमलेंद्र कुमार, XEN गौरव कुमार, JE प्रमोद पांडे सस्पेंड किए गए। वहीं, रामकृष्ण उपाध्याय, वीरेंद्र शुक्ला, तूशॉक कृष्णा जायसवाल को गिरफ्तार किया गया।
जांच के लिए एसआईटी का गठन
बता दें कि कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 9 अन्य घायल हो गए। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इस मामले में दो सदस्यीय SIT का भी गठन किया गया है, जिसे 7 दिनों के अपनी अंदर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश मिले हैं। वहीं सीएम योगी के आदेश पर 4 अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है।
22 लोगों को पहुंचाया गया अस्पताल
किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के जनसंपर्क अधिकारी के.के. सिंह ने बताया कि बचाव दल ने इस घटना में घायल कुल 22 लोगों को केजीएमयू पहुंचाया, जिनमें से 15 को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से जारी सूची के अनुसार हादसे में मरने वालों की पहचान सागर, नीलेश, अनामिका, संयम, अनुछा, सुखमणि, आदित्य श्रीवास्तव, ज्योति, भविष्य, अब्दुल रहमान, सूरज शाह, शाहजान, जयनिल चक्रवर्ती, मोहम्मद अम्मार और सुमाल्या के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाच किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना में लोगों की मौत पर दुख जाहिर करते हुए मृतकों के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर लिखा, "लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"
