लखनऊ

गर्मी का मारा चोर: चोरी करने घर में घुसा और AC पंखा चलाकर लेने लगा नींद; फिर पुलिस की हुई एंट्री...

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक डॉक्टर के घर चोरी के इरादे से घुसा चोर एसी और पंखा चलाकर वहीं सो गया। सुबह पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे डॉक्टर ने आरोपी को रंगे हाथों धर दबोबा।

Image

एसी में सो गया चोर

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

लखनऊ : राजधानी लखनऊ से एक हैरत भरा मामला सामने आया है। यहां एक चोर अपने ही फैलाए जाल में फंस गया। जी, हां रविवार की रात इंदिरानगर सेक्टर-20 निवासी डॉक्टर सुनील पांडेय के बंद मकान पर चोरी के इरादे से पहुंचा चोर वहीं पर पंखा और एसी चलाकर सो गया। भीषण गर्मी में ठंडक का एहसास होते ही आरोपी सुबह तक सोता रहा। जब पड़ोसियों को बंद मकान का ताला टूटा होने एहसास हुआ तो उन्होंने मकान मालिक डॉक्टर को सूचना दी। सूचना पाते ही जैसे डॉक्टर दंपति ने घर में प्रवेश किया तो चोर चैन की बंशी बजा रहा था। उन्होंने चोर को रंगे हाथ पकड़कर उसकी जमकर धुनाई की।

मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से गिरफ्तार चोर कपिल कश्यप मुसद्दीपुर का रहने वाला है। बताया गया है कि डॉ. सुनील पांडेय का एक मकान इंदिरानगर सेक्टर-10 में है। वह वाराणसी में तैनात हैं और लखनऊ स्थित दूसरे मकान पर परिवार के साथ रहते हैं। कभी-कभार उनका इंदिरानगर स्थित मकान पर आना जाना रहता है। यहां पर गृहस्थी का कुछ सामान और फर्नीचर रखा है।

ड्राइंग रूम एरिया चैन की बंसी बजाने लगा चोर

घटना रविवार तड़के की है। बताया जाता है कि चोर को पहले से घर खाली होने की जानकारी रही होगी। तभी वह घर के सामने के गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुआ। उसने इनवर्टर की बैटरी, गीजर, बर्तन समेत अन्य सामान को आराम से दो बोरियों में भर लिया। मतलब का सामान इकट्ठा करने के बाद उसने वहीं पर सिगरेट पी। फिर वह घर के ड्राइंग रूम एरिया में गया, जहां उसने एयर कंडीशनर को देखा और उसे चालू कर दिया फिर वह तकिया लगाकार आराम फरमाने के लिए फर्श पर ही लेट गया और उसे नींद आ गई।

नशे की हालत में चोर

सूचना पर पहुंचे मकान मालिक को वह सोते हुए मिला। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे की हालत में था। फिलहाल, पुलिस ने बताया कि आरोपी कपिल कश्यप के खिलाफ चोरी के 6 मुकदमे पहले दर्ज हैं। वह कुछ महीने पहले ही चोरी के एक अन्य मामले में जेल से छूटकर बाहर आया था। उसे गिरफ्तार कर सारा सामान बरामद कर लिया गया है। उस पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article