लखनऊ

यूपी सरकार ने किये महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 'शक्ति हेल्प बूथ' के साथ 10 हजार महिला पुलिसकर्मी तैनात

UP News: यूपी में महिला कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 10 हजार महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही शक्ति हेल्प बूथ स्थापित किए गए हैं, ताकि उन्हें किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े।

Image

यूपी सरकार ने किए महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम (फोटो - Canva)

UP News: सावन महीने के शुरुआत के साथ ही कांवड़ यात्रा की भी शुरुआत हो गई है। सावन माह में शिवभक्तों की आस्था की प्रतीक कांवड़ यात्रा में खासकर महिला श्रद्धालु भी बढ़-चढ़कर शामिल हो रही हैं। उनकी सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने करीब 10 हजार महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। इसकी सूचना रविवार यानी आज एक आधिकारिक बयान द्वारा जारी की गई है।

कांवड़ यात्रा के लिए कितने पुलिसकर्मियों को किया गया तैनात

बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कांवड़ यात्रा के मार्ग पर महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए करीब 10 हजार महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस विभाग ने प्रदेशभर में कांवड़ यात्रा के लिए 66 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।

कितने करोड़ श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में हो रहे शामिल

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ हाल ही में कांवड़ यात्रा के संबंध में हुई उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से करीब छह करोड़ श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल हो सकते हैं। यह यूपी से होकर अपनी यात्रा पूरी करेंगे और इसमें 60 से 70 लाख महिला श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। योगी ने अधिकारियों को महिला केंद्रित सुरक्षा मॉडल लागू करने के निर्देश दिये।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उठाया ये कदम

बयान के अनुसार, महिला कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात महिला पुलिसकर्मियों में 8,541 मुख्य आरक्षी और 1,486 उपनिरीक्षक शामिल हैं। बयान में कहा गया है कि इसके अलावा योगी के निर्देश पर इस बार महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क पर महिला आरक्षी तैनात की गई हैं, जो न केवल सहायता देंगी बल्कि संवेदनशील मामलों में परामर्श भी उपलब्ध कराएंगी। इसके अलावा कई जिलों में महिला स्वयंसेवी संगठनों की मदद से “शक्ति हेल्प बूथ” की भी स्थापना की जा रही है।

प्रदेश की सभी क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) में महिला पुलिसकर्मियों की उपस्थिति को अनिवार्य किया गया है। इसमें भी रात के समय सभी क्यूआरटी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती अनिवार्य की गई है। साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर क्यूआरटी के गश्त को बढ़ाने के निर्देश दिये गये हैं ताकि महिला श्रद्धालुओं समेत सभी श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता प्रदान की जा सके।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!