Ayodhya Ram Mandir Darshan Timings: अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में रामलला के दर्शन के समय में गुरुवार को परिवर्तन किया गया है। अब श्रद्धालु रात 9 बजे तक नहीं, बल्कि रात 8:30 बजे तक ही मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने बताया कि यह बदलाव सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि दर्शन व्यवस्था अधिक सुचारू और सुविधाजनक बनी रहे।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार, रामलला के दर्शन के समय में 30 मिनट की कटौती की गई है। अब श्रद्धालु जन्मभूमि पथ से रात 8:30 बजे तक ही मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे, जबकि पहले यह समय रात 9 बजे तक था। यह परिवर्तन शयन आरती के समय को रात 10 बजे से घटाकर 9:30 बजे करने के उद्देश्य से किया गया है। इसके साथ ही गुरुवार को लागू की गई नई व्यवस्था में सुबह के दर्शन समय में भी कुछ संशोधन किए गए हैं।
इतने बजे होगी रामलला की मंगला आरती
नई समय-सारणी के अनुसार, श्रीराम मंदिर में मंगला आरती अब सुबह 4:00 बजे के बजाय 4:30 बजे आरंभ होगी। इसके बाद श्रृंगार आरती का समय भी परिवर्तित किया गया है, जो अब सुबह 6:00 बजे के स्थान पर 6:30 बजे संपन्न होगी। हालांकि इन परिवर्तनों के बावजूद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का समय यथावत रहेगा, और वे सुबह 7:00 बजे से मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे।
कब से कब तक रहेंगे मंदिर के द्वार बंद?
दोपहर की आरती व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। अब राजभोग आरती का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 12 बजे होगा। इसके बाद मंदिर के द्वार 12:30 बजे से 1:00 बजे तक बंद रहेंगे, और फिर 1:00 बजे पुनः खुलने पर श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। साथ ही, दूरदर्शन पर श्रृंगार आरती के प्रसारण समय में भी संशोधन किया गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और प्रसार भारती के बीच हुए नए समझौते के तहत अब यह सीधा प्रसारण सुबह 6:00 बजे के बजाय 6:20 बजे से शुरू होगा।
(इनपुट - भाषा)
