राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तर प्रदेश के अपने दो दिवसीय दौरे पर सोमवार सुबह बरेली पहुंच गईं। जहां वह भारतीय पशु चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान (IVRI) के 11 वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहली बार बरेली आयी हैं।
राष्ट्रपति यहां स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में IVRI के 11वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हैं व पुरस्कार वितरण कर रही हैं। इसके बाद वह समारोह को भी संबोधित करेंगी।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली पहुंचने पर राष्ट्रपति का स्वागत किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पावन ‘रामगंगा’ की निर्मल धारा से अभिसिंचित ‘नाथ नगरी’ बरेली में माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन!’
उन्होंने इसी पोस्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को गुलदस्ता देकर स्वागत करते हुए अपनी तस्वीर भी साझा की है।
एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में पांच पुलिस अधीक्षक (एसपी), नौ सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी), 18 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 55 इंस्पेक्टर, 250 सब-इंस्पेक्टर, 300 महिला कांस्टेबल, 700 पुरुष हेड कांस्टेबल और चार कंपनी प्रादेशिक सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) लगाई गई है।
Input- Bhasha
