लखनऊ

Lucknow News: लखनऊ में पूर्व DGP के घर बड़ी चोरी, एक करोड़ से ज्यादा के गहने और नकदी उड़ाए

Lucknow Crime News: लखनऊ में कर्नाटक के पूर्व डीजीपी के घर एक करोड़ रुपये से अधिक की चोरी हुई। इस घर में पूर्व डीजीपी के रिश्तेदार दंपति रहते हैं। उन्होंने पुलिस स्टेशन में चोरी की शिकात दर्ज करा दी है।

Image

पूर्व डीजीपी के घर एक करोड़ की चोरी

Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में कर्नाटक के पूर्व डीजीपी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव के घर में एक करोड़ रुपए से अधिक की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक के पूर्व डीजीपी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव के अलीगंज सेक्टर-जी स्थित मकान में उनके रिश्तेदार नितिन कुमार श्रीवास्तव और पत्नी ऋषिका राज रहते हैं। ऋषिका राज ने चोरी की शिकायत अलीगंज थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 26 अक्टूबर को मामला दर्ज किया।

पुराने नौकर को दी थी घर की जिम्मेदारी

शिकायत में ऋषिका राज ने बताया कि उनके पति नितिन कुमार श्रीवास्तव सलाला (ओमान) में कार्यरत हैं। परिवार 16 अक्टूबर को सलाला गया था और घर की देखरेख की जिम्मेदारी पुराने नौकर आकाश रावत को दी गई थी। ऋषिका के अनुसार, दीपावली के अवसर पर 20 अक्टूबर को आकाश ने घर पर पूजा की और अगले दिन (21 अक्टूबर) अपने गांव चला गया था। 26 अक्टूबर की सुबह जब वह मकान से मोटरसाइकिल लेने पहुंचा तो उसने देखा कि घर के कई दरवाजों के ताले टूटे पड़े हैं और अंदर का सामान बिखरा हुआ है। उसने तुरंत ऋषिका के रिश्तेदारों और दोस्तों को इसकी जानकारी दी।

पूर्व डीजीपी के घर से क्या-क्या सामान चोरी

शिकायत पत्र में बताया गया कि नौकर से जानकारी मिलने मिलने के बाद ऋषिका रविवार को घर पर लौट आई और पाया कि घर पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे सोने व हीरे के जेवरात और लगभग 2.25 लाख रुपए चोरी हो चुके थे। चोरी हुए गहनों में आठ सोने के कंगन, 11 चेन, चार कड़े, दो लॉकेट, पांच बड़े सेट, दो हीरे के छोटे सेट, एक हीरे का बड़ा सेट, दो सोने के बाजूबंद, 24 छोटे-बड़े झुमके और लगभग 40 ग्राम के सोने के सिक्के थे। चोर घर से सीसीटीवी का डीवीआर, एयरटेल एक्सट्रीम टीवी बॉक्स और अन्य कीमती सामान भी लेकर फरार हो गए।

फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article