लखनऊ

National Sports Day 2025: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पदक विजेताओं को किया सम्मानित, खेलों को बढ़ावा देने वाली योजनाओं की घोषणा

राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पदक विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की घोषणा की। सरकार ने प्रदेश में आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने, स्टेडियम और खेल अकादमियों की स्थापना का संकल्प लिया है, जिससे युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार किया जा सके।

Image

CM योगी आदित्यनाथ ने कई खेल परियोजनाओं का लोकार्पण किया

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए कहा कि हर खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणा होता है। उन्होंने खिलाड़ियों में अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता की भावना को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के 88 पदक विजेताओं को सम्मानित किया और सहायक खेल प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का नाम हर भारतीय के मन में हॉकी से जुड़ा है। उन्होंने भारत को तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक दिलाए और देश को वैश्विक पहचान दिलाई। योगी ने बताया कि उनकी स्मृति में मेरठ की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का नामकरण मेजर ध्यानचंद के नाम पर किया गया है, जहां से इस सत्र से पाठ्यक्रम शुरू हुआ है।

योगी आदित्यनाथ ने विजयंत खंड स्थित मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम में स्पोर्ट्स कॉलेज बनाम स्पोर्ट्स हॉस्टल के बीच मैच भी देखा और कहा कि खेल ऊर्जा, टीमवर्क और फिटनेस का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'खेलो इंडिया' और 'फिट इंडिया मूवमेंट' जैसी योजनाओं को खेल जगत में नई क्रांति की शुरुआत बताया।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हर कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज बनेगा, हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान, हर विकासखंड में मिनी स्टेडियम और हर जिले में एक स्टेडियम का निर्माण युद्धस्तर पर किया जाएगा। इसके अलावा ओपन जिम और खेल किट भी उपलब्ध कराई जाएंगी। पूर्व ओलंपियन और मेडलिस्ट खिलाड़ियों को कोच बनाकर नई प्रतिभाओं को निखारा जाएगा।

Yogi Naman.

CM योगी आदित्यनाथ ने खेलदिवस पर मेजर ध्यानचंद को नमन किया

उन्होंने उत्तर प्रदेश की हॉकी परंपरा को याद करते हुए मेजर ध्यानचंद, के.डी. सिंह ‘बाबू’, मोहम्मद शाहिद, वंदना कटारिया और ललित उपाध्याय जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियों को रेखांकित किया। योगी ने कहा कि खेल से युवाओं में राष्ट्रभाव विकसित होगा और यह स्वस्थ एवं सशक्त भारत निर्माण की दिशा में अहम योगदान देगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में 2 फीसद हॉरिजेंटल रिजर्वेश लागू है और अब तक 500 खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में नियुक्त किया जा चुका है। पैरालंपिक पदक विजेता व खेल सचिव सुहास एल. वाई. को प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार लगातार खिलाड़ियों के लिए नीतिगत सुधार कर रही है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, सांसद, विधायक और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यानथ ने हॉकी स्टिक उठाई और फिटनेस की शपथ दिलाई

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान हॉकी स्टिक से गेंद को हिट करके स्टेट हॉकी प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया। यही नहीं, उन्होंने कुछ देर तक हॉकी मैच भी देखा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों में सम्मिलित होने और फिटनेस के प्रति जागरूक रहने की शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों से उनके खेल और पढ़ाई के विषय में भी बात की।

Yogi price.

CM योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों को सम्मानित किया

पुरस्कार राशि और प्रोत्साहन

अपने संबोधन में सीएम योगी ने प्रदेश के खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनिशप, नेशनल स्टेट गेम्स में एकल और टीम गेम में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से मदद कर रही है।

  • ओलंपिक : एकल—स्वर्ण ₹6 करोड़, रजत ₹4 करोड़, कांस्य ₹2 करोड़; टीम—स्वर्ण ₹3 करोड़, रजत ₹2 करोड़, कांस्य ₹1 करोड़।
  • एशियन गेम्स: स्वर्ण ₹3 करोड़, रजत ₹1.5 करोड़, कांस्य ₹75 लाख।
  • कॉमनवेल्थ गेम्स: स्वर्ण ₹1.5 करोड़, रजत ₹75 लाख, कांस्य ₹50 लाख।
  • वर्ल्ड चैंपियनशिप: स्वर्ण ₹1.5 करोड़, रजत ₹75 लाख, कांस्य ₹50 लाख।
  • नेशनल/स्टेट गेम्स: एकल—स्वर्ण ₹6 लाख, रजत ₹3 लाख, कांस्य ₹2 लाख; टीम—स्वर्ण ₹2 लाख, रजत ₹1 लाख, कांस्य ₹50 हजार।
  • प्रतिभाग प्रोत्साहन: ओलंपिक में हिस्सा लेने पर ₹10 लाख, कॉमनवेल्थ व एशियन गेम्स में भाग लेने पर ₹5-5 लाख।
  • सम्मानित पुरस्कृत/पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों को सहायता: अर्जुन, द्रोणाचार्य, मेजर ध्यानचंद, खेल रत्न व खेल क्षेत्र के पद्म पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों को ₹20,000 प्रतिमाह सहायता।
  • वृद्ध/अशक्त/विपदाग्रस्त खिलाड़ी: अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को ₹10,000 तथा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को ₹6,000 प्रतिमाह वित्तीय सहायता।

इन परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण

  • आजमगढ़ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में समर्पित छात्रावास भवन का जीर्णोद्धार
  • बस्ती के स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्मित छात्रावास भवन का लोकार्पण
  • पीलीभीत के बहुउद्देशीय क्रीड़ाहाल एवं प्रशासनिक भवन का जीर्णोद्धार
  • गोरखपुर के वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में इंडोर वॉलीबाल हॉल का जीर्णोद्धार कार्य
  • बस्ती के स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्मित खेल अवस्थापनाओं के जीर्णोद्धार संबंधी कार्य
  • बांदा के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिम उपकरणों की स्थापना का कार्य
  • मऊ में स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्मित खेल अवस्थापनाओं के जीर्णोद्धार कार्य
  • मऊ में सिंथेटिक हॉकी मैदान के निर्माण कार्य का लोकार्पण
Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article