लखनऊ

योगी सरकार की नई पहल; फूलों की खेती करने वाले किसानों को मंडी शुल्क से मुक्ति, मिलेंगी ये सुविधाएं

उत्तर प्रदेश में फूलों की खेती करने वाले किसानों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडी परिसर के बाहर फूलों की बिक्री पर शुल्क माफ करने की घोषणा की है। इसके साथ ही, प्रदेश में नई मंडियों की स्थापना और किसानों के लिए कई कल्याणकारी कदमों की शुरुआत की गई है।

Image

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फूलों की खेती करने वाले किसानों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने कहा कि फूलों की ताजगी सीमित समय तक ही बनी रहती है और मंडी तक पहुंचने में देरी से उनकी गुणवत्ता पर असर पड़ता है। इसे देखते हुए शनिवार को हुई उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की 171वीं बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अब फूलों के किसानों को मंडी परिसर के बाहर व्यापार करने पर कोई शुल्क नहीं देना होगा।

इसके साथ ही, प्रदेश में 10 नई मंडियों और उपमंडी स्थलों की स्थापना की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। बैठक में यह भी तय हुआ कि प्रयागराज स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय रज्जू भइया विश्वविद्यालय के कृषि संकाय के छात्र अब मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना का लाभ ले सकेंगे।मुख्यमंत्री ने मंडियों को सुविधाजनक, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी मंडियों में ‘शबरी कैंटीन’ की स्थापना का निर्देश दिया, ताकि किसानों और मजदूरों को सस्ता और पौष्टिक भोजन मिल सके।

मंडी परिषद की आय वित्तीय वर्ष 2024-25 में ₹1994.55 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 16.2% अधिक है। इसके अलावा, नए संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए ₹242.27 करोड़ की मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंडियों में किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मंडी परिषद को किसानों की भलाई और कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाले एक नए मॉडल में बदलने की जरूरत पर बल दिया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!