Ayodhya House Explosion: अयोध्या के पगला भारी गांव में एक घर में हुए जोरदार विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई है। इस घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया और मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा घरेलू गैस सिलेंडर फटने से हुआ माना जा रहा है। अयोध्या के CO देवेश चतुर्वेदी ने भी संभावना जताई है कि हादसे की वजह सिलेंडर का फटना हो सकता है। लेकिन पटाखे के चलते ये घटना होने के शंका को अभी खारिज नहीं किया जा सकता ।
पटाखों के चलते हादसा होने की शंका के पीछे वजह यह है कि राम कुमार जिनके घर में ये हादसा हुआ है, बीते साल भी इनके गांव वाले घर में दीपावली से पहले धमाका हुआ था जिसमें राम कुमार की पत्नी सहित दो लोगों की जान गई थी। उस वक्त जांच में सामने आया था कि रामकुमार पटाखे का कारोबार करते थे, जिसके चलते हादसा हुआ था। ऐसे में अब पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है, जबकि घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
एसएसपी अयोध्या ने जानकारी दी कि पूराकलंदर थाना क्षेत्र के गांव में यह हादसा शाम करीब सवा सात बजे हुआ। विस्फोट वाले मकान के मालिक पप्पू गुप्ता हैं, जो पहले गांव में रहते थे, लेकिन पिछले एक-दो साल से खेत के बीच मकान बनाकर रहते थे। धमाके की वजह से किचन की छत उड़ गई और घर के बर्तन और सामान बिखर गए। राहत टीम मलबे को हटाकर फंसे लोगों की तलाश कर रही है।
मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल
घटना इतनी भीषण थी कि पास के अन्य मकानों और दुकानों को भी नुकसान हुआ। रेस्क्यू दल तुरंत मौके पर पहुंचा और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटा। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। विस्फोट की आवाज आसपास के इलाकों तक सुनाई दी और पूरा मकान जमींदोज हो गया। गौरतलब है कि चार दिन पहले अयोध्या के बीकापुर क्षेत्र में भी एक धमाके की घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी।
