दिवाली के साथ ही शेयर बाजार में नए संवत 2083 की शुरुआत हो चुकी है। रविवार को मुहूर्त ट्रेडिंग के जरिए नए कारोबारी साल का आगाज हुआ था। अब आज इस संवत का पहला पूरा कारोबारी दिन है। दिवाली के बाद भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सोमवार को गिरावट के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 319 अंक टूटकर 80,839.65 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, निफ्टी में भी करीब 47 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 24,938.60 के स्तर पर पहुंच गया।
शुरुआती कारोबार में आईटी और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला। सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी आईटी और निफ्टी रियल्टी सबसे ज्यादा गिरावट वाले सेक्टर रहे। इनके अलावा निफ्टी कंज्यूमर, निफ्टी ऑटो, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी मेटल, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी इंडिया डिफेंस और निफ्टी ऑयल एंड गैस में भी सबसे ज्यादा कमजोरी दर्ज की गई।
वहीं, दूसरी ओर निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी मीडिया, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग हरे निशान में कारोबार करते नजर आए।
किन स्टॉक्स में आई गिरावट
स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 98 अंक यानी 0.16 फीसदी की गिरावट के साथ 60,589.55 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 26.40 अंक यानी 0.14 फीसदी टूटकर 19,140.00 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स पैक में एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इंटरग्लोब एविएशन, सन फार्मा, एमएंडएम और एलएंडटी हरे निशान में रहे। वहीं, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, पावर ग्रिड, मारुति सुजुकी, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, आईटीसी, टेक महिंद्रा और बजाज फिनसर्व लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
बाजार के जानकारों के मुताबिक, पिछले हफ्ते शेयर बाजार में आई तेजी के पीछे कई वजहें थीं। इस दौरान निफ्टी में 8.6 फीसदी की शानदार बढ़त दर्ज की गई, जिससे बाजार में निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। इसके अलावा भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील की उम्मीद, जियो-पॉलिटिकल तनाव में कमी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में नरमी और दूसरी तिमाही के बेहतर नतीजों ने भी बाजार को सहारा दिया। इन सभी वजहों से पिछले सप्ताह बाजार में तेजी देखने को मिली थी।
