Jammu News: जम्मू के बाहरी इलाके बिश्नाह से पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हथियार कहां से लाया गया था और इसका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था।
रविवार देर रात बिश्नाह इलाके से हुई गिरफ्तारी
पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात बिश्नाह क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान आसिफ अली चौधरी के रूप में हुई है, जो लंगोटिया, मीरां साहिब (जम्मू) का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।
आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज, जांच जारी
घटना के तुरंत बाद बिश्नाह पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है कि आरोपी ने यह अवैध हथियार कहां से खरीदा था। इस हथियार का इस्तेमाल किस आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था।क्या आरोपी का संबंध किसी स्थानीय या अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह से है। जम्मू पुलिस ने अपने बयान में दोहराया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अवैध हथियारों को रखने और उनकी तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
