लखनऊ

लखनऊ में परिवहन विभाग की सख्ती; बस ऑपरेटरों को मिला अल्टीमेटम, सड़क सुरक्षा पर अब कोई समझौता नहीं

लखनऊ में शुक्रवार को आयोजित बस ऑपरेटरों की बैठक में परिवहन आयुक्त ब्रजेश नारायण सिंह ने सड़क सुरक्षा, परमिट उल्लंघन और ओवरलोडिंग जैसी अहम समस्याओं पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने दो टूक कहा कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Image

सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर लखनऊ परिवहन आयुक्त का कड़ा रुख

Photo : Times Now Digital

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को आयोजित बस ऑपरेटरों की अहम बैठक में परिवहन आयुक्त ब्रजेश नारायण सिंह ने साफ संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने परमिट शर्तों के उल्लंघन, ओवरलोडिंग और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में अपर परिवहन आयुक्त ए.के. विश्वकर्मा, संजय सिंह, मयंक ज्योति, सगीर अहमद अंसारी, राधेश्याम और प्रभात पांडेय जैसे वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश में हुई बस दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहें ड्राइवरों की थकान, ओवरस्पीडिंग, नियमों की अनदेखी और वाहनों की फिटनेस समाप्त हो जाना रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसों में होने वाली मौतों और घायलों की संख्या में 50% की कमी लाने का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया है। बैठक में ओवरलोडिंग और लंबित चालानों को लेकर भी चर्चा हुई। यह सामने आया कि कई बसें लंबे समय से चालान का भुगतान नहीं कर रही हैं।

स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सख्ती दिखाई गई है। जिन स्कूल वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है, उन्हें तत्काल संचालन से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, निजी बस अड्डों के निर्माण को प्रोत्साहित करने, लंबी दूरी की बसों में दो ड्राइवरों की अनिवार्यता और चालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम लागू करने के भी निर्देश दिए गए। परिवहन आयुक्त ने ट्रांसपोर्ट यूनियनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सभी की जिम्मेदारी है, और अब किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article