स्वतंत्रता दिवस 2026 के पावन अवसर पर ओडिशा पुलिस के 17 अधिकारियों और जवानों को उनकी उत्कृष्ट, समर्पित और साहसिक सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी की गई पुरस्कार सूची में राज्य के पुलिस विभाग का नाम गर्व से ऊंचा हुआ है। सम्मानित होने वालों में ओडिशा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) संजीब पांडा और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्मितारानी मोहंती शामिल हैं, जिन्हें विशिष्ट सेवा के लिए 'राष्ट्रपति पदक' (PSM) के लिए चुना गया है।
यह सर्वोच्च सम्मान उनके सालों के असाधारण सेवा रिकॉर्ड और समर्पण को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। इसके साथ ही, राज्य के 5 जांबाज पुलिसकर्मियों को 'वीरता पदक' (GM) से अलंकृत किया गया है। यह पदक उन जवानों को मिलता है जो अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की जिंदगी और संपत्ति बचाते हैं या अपराधियों को पकड़ते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: ट्रंप ने क्यों बदला अमेरिकी नेवी का सबसे आधुनिक सिस्टम? समझिए EMALS बनाम स्टीम कैटापल्ट विवाद
ओडिशा के डीजीपी ने सभी विजेताओं को दी बधाई
वीरता पदक पाने वालों में सब-इंस्पेक्टर मनमथ कुमार महापात्र, हवलदार निराकार भुए, और कमांडो संतोष गुरुंग, सुमन पुन तथा सुरेश चंद्र पुता शामिल हैं। वहीं, 10 अन्य पुलिसकर्मियों को उनकी सराहनीय सेवा के लिए 'सराहनीय सेवा पदक' (MSM) प्रदान किया गया है। इस गौरवशाली उपलब्धि पर ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई बी खुरानिया ने सभी विजेताओं और उनके परिवारों को बधाई दी।
एक हजार से ज्यादा कर्मियों को वीरता व सेवा पदकों से किया गया सम्मानित
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह प्रतिष्ठित सम्मान अधिकारियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और पेशेवर दक्षता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इन जवानों का समर्पण पूरे ओडिशा पुलिस परिवार को लगातार प्रेरित करता रहेगा। उल्लेखनीय है कि इस साल स्वतंत्रता दिवस पर देश भर के पुलिस, अग्निशमन सेवा, होमगार्ड और कारागार सेवाओं के कुल 1,057 कर्मियों को वीरता व सेवा पदकों से सम्मानित किया गया है।
