शहर

VIDEO: मेरठ में दोहरी दहशत! मंदिर की दीवार पर तेंदुआ, घर में घुसा विशाल अजगर; नजारा देख सहमे लोग

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक ही दिन में वन्यजीवों से जुड़ी दो खौफनाक घटनाएं सामने आईं। हस्तिनापुर में रात के अंधेरे में एक तेंदुआ मंदिर की दीवार पर बैठा दिखाई दिया, जिसे देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वहीं हसनपुर कदीम गांव में एक विशाल अजगर घर के अंदर घुस गया, जिसे एक स्थानीय शख्स ने हिम्मत दिखाते हुए मुंह पकड़कर बाहर निकाला।

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ही समय में वन्यजीवों के खौफ की दो बेहद चौंकाने वाली और डरावनी तस्वीरें सामने आई हैं। एक तरफ जहां हस्तिनापुर इलाके में रात के सन्नाटे में मंदिर की दीवार पर बैठा तेंदुआ देखकर ग्रामीणों की सांसें अटक गईं।

वहीं दूसरी तरफ हसनपुर कदीम गांव में एक भारी-भरकम अजगर सीधे इंसान के घर के भीतर दाखिल हो गया। दोनों ही घटनाओं के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

मंदिर की दीवार पर बैठा दिखा शिकारी

पहली घटना मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र की है। यहां रात के अंधेरे में एक खूंखार तेंदुआ मंदिर की बाउंड्री वॉल पर बड़े आराम से बैठा नजर आया। वहां से गुजर रहे एक कार सवार शख्स की नजर जैसे ही दीवार पर बैठे तेंदुए पर पड़ी, उसने तुरंत कार के अंदर से ही मोबाइल से इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। तेंदुआ कुछ देर तक दीवार पर बैठकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता दिखा।

हस्तिनापुर का यह इलाका जंगलों से सटा हुआ है, इसलिए पहले भी यहां तेंदुए देखे गए हैं। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी डर का माहौल है और लोग अकेले खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं।

घर में घुसा विशाल अजगर, शख्स ने दिखाई हिम्मत

दूसरी खौफनाक तस्वीर हसनपुर कदीम गांव से आई, जहां सड़क पर रेंगता हुआ एक विशालकाय अजगर एक ग्रामीण के घर के मुख्य दरवाजे तक पहुंच गया और देखते ही देखते घर के अंदर घुसने लगा। अजगर का आकार इतना बड़ा था कि उसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों के पसीने छूट गए। लोग दूर खड़े होकर वीडियो बनाते रहे, तभी भीड़ में से एक स्थानीय शख्स ने गजब का साहस दिखाया।

उस शख्स ने बिना डरे अजगर का मुंह अपने हाथों से दबोच लिया और उसे खींचते हुए घर के बाहर ले आया। इस हैरतअंगेज नजारे को देखकर हर कोई हैरान रह गया। सड़क पर अजगर को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए रास्ता भी बाधित रहा।

दोनों घटनाओं की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया है। हालांकि, हस्तिनापुर में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है और ग्रामीणों को रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article