Lakhimpur News: लखीमपुर खीरी में पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शारदा नदी उफान पर है और अब यह खतरा रेलवे ट्रैक तक जा पहुंचा है। पलिया कस्बे के पास मैलानी-नानपारा मीटर गेज रेलवे लाइन के पुल संख्या 97 के नीचे से शारदा नदी का बाढ़ का पानी तेजी से रिसने लगा है। कुछ ही देर में इस रिसाव ने नदी के नीचे करीब 12 से 15 फीट गहरा गड्ढा बना दिया, जिससे पानी का बहाव और तेज हो गया।
इस स्थिति ने रेल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। तत्काल प्रभाव से रेलवे और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पानी के रिसाव को रोकने के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया। गौरतलब है कि पिछले साल भी इसी पुल के पास बाढ़ के दौरान ट्रैक कट गया था, जिससे पलिया कस्बा लगभग तीन महीने तक टापू की स्थिति में रहा था। उस दौरान क्षेत्र के पांच लाख लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था और हजारों एकड़ में फैली किसानों की फसल तबाह हो गई थी। इस बार फिर उसी स्थान पर पानी का रिसाव शुरू होना क्षेत्रवासियों के लिए चिंता का विषय बन गया है। प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
