लखनऊ

Hardoi Murder: हरदोई में युवक की गोली मारकर हत्या, ‘भाभी जान’ लिखे नोट ने बढ़ाई गुत्थी

हरदोई के बेनीगंज इलाके में हांस बरौली गांव के पास 33 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव सड़क किनारे नाले से बरामद हुआ। पुलिस को मौके से एक कागज मिला है, जिस पर ‘भाभी जान’ लिखा था। इस कागज को अहम सुराग माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतक पर पहले भी हत्या का केस था। वह दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच में जुटी है।

Image

हरदोई में युवक की हत्या

Hardoi News: उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। हांस बरौली गांव के पास गढ़ीहार संपर्क मार्ग के किनारे नाले से युवक का शव बरामद किया गया। राहगीरों ने जब लाश देखी तो इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त भगवन्तपुर निवासी वीरेंद्र (33) पुत्र मुन्ना के रूप में की। जांच में सामने आया कि युवक की कनपटी पर सटाकर गोली मारी गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी हरदोई अशोक कुमार मीणा, एएसपी पश्चिम मार्तंड प्रताप सिंह और सीओ हरियावां अजीत कुमार सिंह पुलिस व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस को मौके से एक जोड़ी चप्पल, गमछा, चिलम और एक पेन से लिखा हुआ कागज मिला, जिस पर मोबाइल नंबर की जगह 'भाभी जान' लिखा था। पुलिस मान रही है कि यह कागज इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में बड़ा सुराग साबित हो सकता है।

2020 में बत्या के आरोप में गया जेल

वीरेंद्र और उसके पिता पर साल 2020 में गांव के ही सर्वेश नाम के युवक की हत्या का आरोप था। दोनों को उस समय जेल भेजा गया था। वीरेंद्र लगभग दो महीने पहले ही जेल से रिहा हुआ था, जबकि उसका पिता अभी हरदोई जिला कारागार में बंद है। गांव वालों ने बताया कि वीरेंद्र नशे का आदी था और उसका परिवार बेहद छोटा था। पिता के अलावा घर में कोई अन्य सदस्य नहीं है। उसकी गतिविधियां अक्सर विवादों में रहती थीं।

जांच के लिए स्पेशल टीम का गठन

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के इलाके में पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है कि क्या यह पुरानी रंजिश का बदला है या फिर किसी नए विवाद की कहानी। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया, "थाना बेनीगंज क्षेत्र में सूचना मिली थी कि खेतों में एक युवक का शव पड़ा है। फॉरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ हरियावां के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई है, जो जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।"

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article