Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने देवदूत बनकर तीन जिंदगियां बचा ली। स्टेशन पर चलती ट्रेन पर चढ़ते समय पैर फिसलने से तीन यात्रियों की जान जोखिम में आ गई। तभी मौके पर मौजूद जीआरपी पुलिस ने अपनी सूझबूझ और फुर्ती से तीनों की जान बचा ली। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें यात्री गिरते हुए और पुलिसकर्मी उन्हें बचाते हुए नजर आ रहे हैं।
ट्रेन से कैसे गिरे तीन यात्री
यह घटना बस्ती रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 की है। जहां सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफॉर्म से रवाना होने वाली थी। तभी एक यात्री अपनी बेटियों के साथ ट्रेन पर चढ़ रहा था। इसी दौरान शख्स का पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन के नीचे गिरने वाला था। पिता को गिरता देख उसकी दोनों बेटियां भी चलती ट्रेन से कूद गईं। जिससे तीनों ट्रेन के नीचे जाने वाले थे। तभी वहां मौजूद प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार यादव ने अन्य पुलिसकर्मयों की मदद से तीनों को मौत के मुंह से खींचकर बाहर निकाल लिया।
पुलिसकर्मी ने उन्हें सुरक्षित ट्रेन में किया रवाना
यात्री की पहचान ओम प्रकाश त्रिपाठी निवासी धानी बाजार महाराजगंज के तौर पर हुई। वह अपनी बेटियों के साथ यात्रा कर रहा था। वे तीनों एसी कोच B-5 में चढ़ रहे थे। तभी यह घटना हुई। हालांकि जीआरपी पुलिस टीम की सक्रियता से तीन जिंदगियां बच गईं। जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक पंकज यादव ने तुरंत ट्रेन को रुकवाया और यात्रियों को सुरक्षित रूप से ट्रेन में चढ़ाकर रवाना किया।
