लखनऊ

Gonda Accident: नहर हादसे में लापता बच्ची का शव हुआ बरामद, मौत का आंकड़ा 12 पर पहुंचा

रविवार को गोंडा में हुए भीषण नहर हादसे में लापता हुई बच्ची की शव घटनास्थल से करीब 35 किमी दूर से बरामद कर लिया गया है। अब मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 12 हो गया है। हादसे के बाद इस घटना से शोक में इजाफा हो गया है।

Image

सरयू नहर में गिर गई थी गाड़ी

Photo : Times Now Digital

Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार को हुई नहर दुर्घटना में लापता हुई सात वर्षीय बालिका का शव सोमवार दोपहर बाद बरामद किया गया, जिसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक यह घटना रविवार को उस समय हुई जब इटियाथोक थानाक्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक गाड़ी (बोलेरो) बेकाबू होकर सरयू नहर में गिर गई थी। हादसे के बाद 11 शव बरामद किए गए जबकि एक बच्ची लापता थी। उसकी तलाश में SDRF और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई, लेकिन रविवार को सफलता नहीं मिल सकी थी।

35 किमी दूर मिला शव

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सोमवार को समाचार एजेंसी भाषा को बताया कि बालिका का शव घटनास्थल से करीब 30-35 किलोमीटर दूर मनकापुर थानाक्षेत्र में कुड़ासन गांव के पास सरयू नहर से बरामद हुआ है तथा पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पिंकी ने कूदकर बचाई थी जान

इस बीच घटना के बाद जीवित बची पिंकी ने रविवार देर रात देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशिभूषण लाल सुशील से मिलकर अपनी लापता बहन की तलाश कराने की अपील की थी। हादसे के वक्त पिंकी भी बोलेरो में आगे की सीट पर बैठी थी। हादसे के वक्त वाहन का दरवाजा खुलते ही वह कूद गई और किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा पाई। उसके सामने ही उसकी मां और दो बहनों की डूबकर मौत हो गई।

मुखिया का रो-रोकर बुरा हाल

सोमवार को जब लापता रचना का शव मिला, तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत हुई है। मृतकों का अंतिम संस्कार सोमवार रात अयोध्या में किया गया, जबकि मृत बच्चों को गोंडा में ही दफनाया गया। हादसे के बाद से परिवार के मुखिया प्रहलाद गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही कहते दिखे कि अगर वह भी गाड़ी में होते तो शायद उनकी जान तो चली जाती लेकिन परिजनों की ऐसी दर्दनाक मौत न देखनी पड़ती। अब वह किसके लिए जिएं

गाड़ी के ड्राइवर सीता शरण का कहना है कि सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि कुछ समझ ही नहीं आया। वाहन के अनियंत्रित होते ही वह गाड़ी का गेट खोलकर बाहर कूद गया और गाड़ी नहर में गिर गई।

12 लोगों की हो चुकी है मौत

बोलेरो में सीहागांव निवासी प्रहलाद के 13 परिजन और दो पड़ोसी बोलेरो में सवार थे, जो पृथ्वीनाथ मंदिर जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। रास्ते में बेलवा बहुता गांव के पास यह भीषण दुर्घटना हुई। हादसे के दौरान चार लोग किसी तरह बचा लिए गए, जबकि अब तक कुल 12 लोगों की मौत हो चुकी है।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article