UP: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने पूर्व प्रधान के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि हरदी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के संबंध में वर्तमान ग्राम प्रधान के परिवार के सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया गया है।
चुनावी रंजिश बनी
जानकारी के अनुसार, पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या कथित तौर पर चुनावी रंजिश के कारण की गई है। पुलिस ने बताया कि ग्राम पंचायत सिपहिया प्यूली की पूर्व ग्राम प्रधान के बेटे राजन अवस्थी (26) और वर्तमान प्रधान सीमा अवस्थी के पति सचिव अवस्थी के बीच चुनाव को लेकर रंजिश थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच शुक्रवार को एक बार फिर विवाद हुआ और इस दौरान पूर्व प्रधान के पुत्र राजन अवस्थी (26) को गोली मार दी गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में राजन के भाई ने प्रधान के पति सचिव अवस्थी, भतीजे मृत्युंजय अवस्थी और शिवम अवस्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल राजन को लखनऊ मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह ऑपरेशन कर राजन के शरीर में फंसी गोली निकाले जाने के बाद शाम को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से तीनों नामजद आरोपी फरार है। हालांकि मोटरसाइकिल से भाग रहे आरोपी मृत्युंजय अवस्थी को शुक्रवार देर शाम श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में सीता दोहार के पास गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि अन्य दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। हरदी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।
(इनपुट - भाषा)
