Aliganj Building Fire: लखनऊ के अलीगंज इलाके में आज एक तीन मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई। आग की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कर दीं। संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने बताया कि इमारत में मूर्ति निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाली फ्रेमिंग सामग्री रखी हुई थी, जिसमें आग लगी। दमकल प्रयासों के दौरान इमारत की छत का एक हिस्सा गिर गया, जिससे चार फायरमैन घायल हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आग लगने के समय इमारत में कोई फंसा नहीं था और आसपास के घरों को सुरक्षा के मद्देनजर खाली कराया गया। फिलहाल आग लगभग काबू में है और दमकलकर्मी बचाव कार्य में जुटे हैं।
अचानक लगी आग से मची अफरातफरी
अलीगंज में शुक्रवार शाम अचानक लगी आग ने इलाके में अफरातफरी मचा दी। आग ने पास के फोटो फ्रेम के गोदाम तक अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही बीकेटी, इंदिरानगर और हजरतगंज फायर स्टेशन की कुल 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी प्रचंड थी कि तीनों मंजिलों से लपटें उठ रही थीं। करीब दो घंटे की मेहनत के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। उन्होंने बताया कि शाम लगभग 6:30 बजे उस्मानपुर सेक्टर-के में आग की सूचना मिली थी। दमकल टीम ने मकान और गोदाम की हर मंजिल की तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया कि कोई फंसा नहीं है।
ज्वलनशील सामग्री ने आग को तेजी से भड़का दिया
CFO अंकुश मित्तल ने बताया कि आग बुझाने के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट या फोटो फ्रेम बनाने में इस्तेमाल होने वाली ज्वलनशील सामग्री माना जा रहा है, जबकि सटीक कारण विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा। किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। सूत्रों के अनुसार, आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर पर बने फोटो फ्रेम यूनिट में लगी और धीरे-धीरे ऊपरी मंजिलों व पास के गोदाम तक फैल गई। गोदाम में रखी लकड़ी, प्लास्टिक शीट और अन्य ज्वलनशील सामग्री ने आग को तेजी से भड़का दिया। बिजली की आपूर्ति कुछ समय के लिए काटी गई और दमकलकर्मियों ने पानी और फोम टैंकरों के जरिए आग पर नियंत्रण पाया। आसपास के घरों को खाली कराकर किसी बड़े हादसे से बचाव किया गया और कूलिंग ऑपरेशन भी जारी रखा गया।
