लखनऊ

'खाद की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी जारी', अखिलेश यादव बोले- भाजपा सरकार ने किसानों को कर दिया 'बर्बाद'

Fertiliser Shortage: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों की खाद संबंधी समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों को 'बर्बाद' कर चुकी सरकार के पास किसानों के लिए झूठे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं है। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। किसानों की लगातार उपेक्षा हो रही है।

Image

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

Fertiliser Shortage: समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों की खाद संबंधी समस्याओं को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों को 'बर्बाद' कर चुकी सरकार के पास किसानों के लिए झूठे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं है। यादव ने लखनऊ में एक बयान में आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा सरकार में किसानों को लगातार खाद के संकट से जूझना पड़ रहा है तथा धान के बाद अब गेहूं और अन्य फसलों की बुआई के लिए खाद नहीं मिल रही है।

अखिलेश यादव ने क्या कुछ कहा?

उन्होंने आरोप लगाया कि डीएपी, एनपीके आदि अन्य उर्वरकों के लिए किसान दर-दर भटक रहे हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लखीमपुर खीरी, महोबा, फतेहपुर, बदायूं, अमेठी समेत विभिन्न जिलों में सहकारी समितियों पर किसानों की लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। किसान दिन भर इंतजार करते हैं लेकिन उन्हें खाद नहीं मिलती है। सपा अध्यक्ष ने कहा, "खाद की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी जारी है। इस गोरखधंधे में भाजपा के लोग शामिल हैं। सरकार के पास किसानों के लिए झूठे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं है।"

BJP सरकार पर बरसे अखिलेश

यादव ने कहा, "भाजपा सरकार ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। किसानों की लगातार उपेक्षा हो रही है। भाजपा चाहती है कि किसान परेशान होकर खेती करना छोड़ दें, जिससे वह किसानों की जमीन औने-पौने दाम पर उद्योगपतियों को दे दे। भाजपा पूरी साजिश के तहत किसानों को खेती और उनकी जमीनों से दूर कर रही है।"

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरे प्रदेश के किसानों को पहले धान की फसल के लिए खाद नहीं मिली। कई जगह किसानों पर लाठीचार्ज हुआ। किसान घायल हुए। अब वही स्थिति गेहूं की फसल के लिए भी है। यादव ने कहा कि प्रदेश का किसान त्रस्त है इसलिए साल 2027 में भाजपा सत्ता से हटेगी तभी किसानों की समस्याओं का समाधान होगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!