लखनऊ

वर्दी में ठग! बसों में फ्री यात्रा और ढाबों पर मुफ्त खाने का लुत्फ उठा रहा था नकली कमांडो, ऐसे खुली पोल

लखनऊ के आलमबाग में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया, जो खुद को एनएसजी कमांडो बताकर बसों में मुफ्त यात्रा कर रहा था। आरोपी की पहचान कुशीनगर निवासी रंजन कुमार के तौर पर हुई है। वह फर्जी पहचान से पूरे प्रदेश में बिना टिकट यात्रा करता और ढाबों पर मुफ्त में खाना खाता था। पुलिस ने उसके पास से एक ऑटोमैटिक पिस्टल भी बरामद की।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर

Photo : PTI

Lucknow News: लखनऊ के आलमबाग इलाके में शनिवार रात पुलिस ने एक फर्जी एनएसजी कमांडो को गिरफ्तार किया। आरोपी शख्स खुद को विशेष बल का सदस्य बताकर बसों में मुफ्त यात्रा कर रहा था। आरोपी की पहचान कुशीनगर निवासी रंजन कुमार (22) के रूप में हुई है। वह खुद को वृंदावन के कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय महाराज का निजी सुरक्षाकर्मी बता रहा था। आरोपी ने खुद की गलती कुबूल कर ली है और माफी भी मांगी है।

एनएसजी की वर्दी में था आरोपी

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक बस स्टैंड पर कंडक्टरों से बदतमीजी कर रहा है और फर्जी आईडी कार्ड दिखाकर मुफ्त यात्रा का दबाव बना रहा है। जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने आरोपी को गेटवे माल के पास रोका। आरोपी रंजन ने एनएसजी की वर्दी पहनी हुई थी। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि वह एनएसजी का हिस्सा नहीं है।

यूपी के अलग-अलग जिलों में करता था मुफ्त यात्रा

आरोपी रंजन ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर बिना टिकट यात्रा करता था। इसके अलावा वह ढाबों पर मुफ्त में खाना खाता था। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से मेड इन इटली ऑटोमैटिक पिस्टल भी मिली। रंजन ने अपनी गलती कबूल की और माफी मांगी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। यह घटना पुलिस की सतर्कता और फर्जीवाड़े के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का उदाहरण है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article