Lucknow Crime News: लखनऊ में करोड़ों की टैक्स चोरी का मामला सामने आया है, जहां दो फर्जी कंपनियों ने डॉक्यूमेंट्स में हेरा-फेरी कर 7.35 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी को अंजाम दिया। सीजीएसटी विभाग की जांच में खुलासा हुआ कि इन कंपनियों ने भारी मात्रा में टर्नओवर दिखाया, लेकिन इन कंपनियो ने कोई वास्तविक व्यापारिक लेनदेन किया ही नहीं। इस खुलासे के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए हैं। इस संबंध में सीजीएसटी विभाग के दो सहायक आयुक्तों ने बख्शी का तालाब और मड़ियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार उपायुक्त राज्यकर अमर दीप वर्मा ने बताया रामा इंटरप्राइजेज नाम की कंपनी बख्शी का तालाब के सरस्वती कांप्लेक्स में रजिस्टर्ड है। इसका जीएसटी नंबर 09AZAPY0272F2Z9 है। लेकिन जांच में पता चला कि इस पते पर इस नाम की कोई कंपनी नहीं है। इस फर्म के मालिक योगेश कुमार ने इसका पंजीकरण 9 जनवरी 2025 को कराया था। फर्म ने वर्ष 2025-26 में 13.33 करोड़ रुपये का कारोबार दिखाया, जिससे 2.39 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी सामने आई।
दिल्ली की कंपनियों से फर्जी लेन-देन
दूसरी कंपनी मड़ियांव क्षेत्र में स्थित बालाजी ट्रेडर्स है। इस कंपनी ने 27.55 करोड़ रुपये का टर्नओवर दिखाया और 4.95 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की। जांच में पता चला कि कंपनी ने कोई असली खरीदारी नहीं की। इस कंपनी ने दिल्ली की कई कंपनियों के साथ फर्जी लेन-देन भी किए। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है। टैक्स विभाग भी इन कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।
